सोने की वायदा कीमतों में तेजी, चांदी भी उछली, जानिए क्या का क्या हैं भाव

घरेलू वायदा बाजार में मंगलवार को सोने की कीमतों में बढ़त देखने को मिली है। मंगलवार दोपहर 1 बजकर 14 मिनट पर एमसीएक्स एक्सचेंज पर पांच अक्टूबर 2020 के सोने का वायदा भाव 0.38 फीसद या 197 रुपये की तेजी के साथ 51,898 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेंड कर रहा था। इसके अलावा चार दिसंबर 2020 के सोने की वायदा कीमत इस समय एमसीएक्स पर 0.31 फीसद या 161 रुपये की तेजी के साथ 52,134 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेंड कर रही थी। वैश्विक स्तर पर भी मंगलवार को सोने की कीमतों में बढ़ोत्तरी देखी गई है।

घरेलू वायदा बाजार में चांदी की कीमत में भी तेजी देखने को मिली है। मंगलवार दोपहर 1 बजकर 25 मिनट पर एमसीएक्स पर चार दिसंबर 2020 की चांदी की वायदा कीमत 1.32 फीसद या 928 रुपये की तेजी के साथ 71,365 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेंड कर रही थी। गौरतलब है कि सोमवार को चांदी की हाजिर कीमत 68,095 रुपये प्रति किलोग्राम पर थी।