शाहिद अफरीदी ने क्रिकेट को कहा अलविदा, लॉर्ड्स पर मिला बड़ा सम्मान

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी ने वेस्टइंडीज़ और वर्ल्ड इलेवन के बीच लॉर्ड्स में खेले गए मुकाबले के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया. अफरीदी को उनके आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच में गॉर्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित भी किया गया.

स्पेशल गार्ड ऑफ ऑनर के बारे में बात करते हुए अफरीदी ने कहा, “मैं इस पल को कभी नहीं भूलूंगा. गार्ड ऑफ ऑनर मिलना और वो भी क्रिकेट के मक्का लॉर्ड्स के मैदान पर…ये बहुत बड़ी बात है.”

अफरीदी ने कहा, “आज का चैरिटी मैच एक ख़ास वजह के लिए खेला गया. इसका हिस्सा बन पाना मेरे लिए बेहद स्पेशल रहा. उन सभी लोगों का शुक्रिया जो आए और हमें स्पोर्ट किया.”अफरीदी वेस्टइंडीज़ के खिलाफ वर्ल्ड इलेवन टीम की कप्तानी कर रहे थे.

इस चैरिटी मैच में वेस्टइंडीज़ ने वर्ल्ड इलेवन को 72 रनों रौंद दिया. चोट के बावजूद बल्लेबाज़ी करने उतरे अफरीदी केवल 11 रन बनाकर कैच आउट हो गए. सैमुअल बद्री की किफायती गेंदबाज़ी की मदद से वेस्टइंडीज़ ने 72 रनों से ये मैच जीत लिया.