पुलिस उत्पीड़न को लेकर लखनऊ में गैस एजेंसियों की हड़ताल, घरेलू सिलिंडर की आपूर्ति ठप

 पुलिस उत्पीड़न के खिलाफ राजधानी के सौ से अधिक गैस वितरक आज हड़ताल पर चले गए हैं। जिले में आज रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह ठप रहेगी। ऑल इंडिया एलपीजी डीलर एसोसिएशन के आह्वान पर आज राजधानी की तमाम गैस एजेंसी बंद हैं। एसोसिएशन की मांग है कि अगर पुलिस ने उत्पीड़न बंद नही किया तो फिर पूरे प्रदेश में इसी तरह गैस एजेंसियों में आपूर्ति ठप कर दी जाएगी। जिसकी वजह से आम लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

बता दें कि राजधानी लखनऊ में पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए गैस एजेंसियों ने गुरुवार से हड़ताल की चेतावनी दी थी। बुधवार देर शाम जिला प्रशासन ने एजेंसी मालिकों के साथ बैठकर उनको समझाने का प्रयास किया, लेकिन डीएम से हुई वार्ता विफल रही। इसके बाद ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन (यूपी सर्किल) ने अनिश्चित कालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।