
मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम पर टिप्पणी करने वाले नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली का हर ओर विरोध किया जा रहा है। प्रयागराज भी इससे अछूता नहीं है। श्रीराम को नेपाली बताने वाले नेपाल के पीएम के विरोध में अब किन्नर अखाड़ा भी उतर आया है। किन्नर अखाड़ा के संन्यासियों ने हवन किया। इसके माध्यम से नेपाल के पीएम की सद्बुद्धि की कामना ईश्वर से की गई।
चीन के चंगुल में फंसे ओली नेपाल का अस्तित्व खत्म कर रहे : कौशल्यानंद गिरि
महामंडलेश्वर कौशल्यानंद गिरि के नेतृत्व में किन्नर संन्यासियों ने हवन किया। मंत्रोच्चार के बीच यज्ञकुंड में आहुतियां डाली। कौशल्यानंद गिरि ने कहा कि चीन के चंगुल में फंस चुके ओली नेपाल का अस्तित्व खत्म करने पर तुले हैं। उन्होंने श्रीराम को लेकर अमर्यादित बयान दिया है, जिसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। हवन में शोभा, नैना, मनीषा, परी, शिवानी, आशा, शेरू शामिल रहे।
नेपाल के पीएम का दहन किया पुतला
दूसरी ओर अलग-अलग संगठनों ने ओली के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सिविल लाइंस में उनका पुतला दहन किया। महानगर मंत्री प्रदीप कुशवाहा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में निरंकार, चंद्र नारायण, धनी शर्मा, सोम नारायण, आदित्य शामिल रहे। इसी क्रम में दारागंज में वीरांगना वाहिनी की महामंत्री अंजली शुक्ला के नेतृत्व में ओली का पुतला दहन हुआ। नैनी में युवा वाहिनी के महामंत्री विकास के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन हुआ।
तीर्थ पुरोहितों ने जताई नाराजगी
अखिल भारतीय तीर्थपुरोहित महासभा की बैठक वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामकृष्ण तिवारी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली द्वारा भगवान श्रीराम की जन्मस्थली को लेकर दिए गए बयान पर नाराजगी व्यक्त की गई। राष्ट्रीय महासचिव चंद्रनाथ चकहा, श्रवण कुमार, हरि जगन्नाथ शास्त्री, सनद पांडेय, माधवानंद शर्मा, अमित राज वैद्य ने विचार व्यक्त किए।