
संजय सिंह के इस हमले पर सांसद गंभीर ने पलटवार किया। गंभीर ने संजय सिंह के ट्वीट के जवाब में लिखा कि संजय जी, आपके इस ट्वीट के बाद मैंने खुद गृह मंत्री अमित शाह से इस बारे में बात की। उन्होंने बताया कि उद्घाटन करने नहीं निरीक्षण करने जा रहे हैं, जिसके लिए अरविंद केजरीवाल को भी बुलाया गया है। आपकी केजरीवाल से बात नहीं होती या अकेले जाकर क्रेडिट लेने का मन बनाया था?।

मोदी सरकार नागरिकों की हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध-अमित शाह
वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री केजरीवाल ने शनिवार को राधा स्वामी सत्संग ब्यास के भाटी माइंस स्थित सत्संग घर में बन रहे देश के सबसे बड़े सरदार पटेल कोविड केयर सेंटर व हॉस्पिटल का दौरा किया। इस दौरान शाह ने सेंटर पर दस हजार बेड बनाने के लिए चल रही तैयारियों की समीक्षा की और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
कोविड केयर सेंटर का निरीक्षण करने के बाद शाह ने ट्वीट कर कहा कि च्मैं राधास्वामी सत्संग ब्यास और उन लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने इस सेंटर को बनाने में मदद की। शाह ने यह भी कहा कि दस हजार बेड का यह सेंटर दिल्ली के लोगों को बड़ी राहत देगा। वहीं दूसरे ट्वीट में शाह ने कहा कि मैं अपने आइटीबीपी साहसी अधिकारियों और कर्मियों की सराहना करता हूं, जो इस कोविड केयर सेंटर का संचालन कर रहे हैं। राष्ट्र और दिल्ली के लोगों की सेवा करने की उनकी प्रतिबद्धता अद्वितीय है। शाह ने यह भी कहा कि केंद्र की मोदी सरकार अपने नागरिकों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं दौरे के बाद मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि इस मुसीबत की घड़ी में दिल्ली को करोना से बचाने के लिए मैंने सबसे सहयोग मांगा और सबने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। केंद्र सरकार और राधा स्वामी ब्यास के सहयोग से अपने दिल्ली वालों के लिए इतना बड़ा कोरोना सेंटर बन गया है। केजरीवाल ने यह भी कहा कि सरदार पटेल कोविड केयर सेंटर दुनिया के सबसे बड़े अस्पतालों में से एक है।