
दिल्ली-एनसीआर में 25 जून को दस्तक देने के साथ ही मानसून कमजोर चल रहा है। यही वजह है कि 4 दिन पहले पहुंचे मानसून ने दिल्ली-एनसीआर के करोड़ों लोगों को निराश किया है। मौसम में गर्मी और उमस जस की तस बनी हुई है। बृहस्पतिवार को दस्तक देने के बाद अगले शुक्रवार को भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश नहीं हुई। यह अलग बात है कि शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई।
निजी मौसम पूर्वानुमान सेवा कंपनी स्काईमेट वेदर के प्रमुख विज्ञानी महेश पलावत के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में मानसून का आगमन 25 जून को हो चुका है लेकिन कम बरसात होने का अनुमान है। महेश पलावत का करना है कि 27 और 28 जून को मौसम साफ रहेगा, लेकिन इस दौरान हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, मौसम विभाग ने 29 जून से बारिश की उम्मीद जताई है। बता दें कि मौसम विभाग इस बार दिल्ली-एनसीआर में अच्छी बारिश का पूर्वानुमान जता चुका है। इसके बाद दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने के आसार हैं।
उमस में कूलर-पंखे भी फेल
वहीं, गर्मी और उमस से लोगों को बुरा हाल है। सुबह से लेकर शाम तक लोग गर्मी से परेशान और पसीने से तर नजर आ रहे हैं। दिल्ली-एनसीआर में गर्मी और उमस से स्थिति यह बन गई है कि पंखे और कूलर भी बेअसर साबित हो रहे हैं।