
तेल, साबुन सहित दैनिक उपभोग के ऐसे कई उत्पाद बनाने वाली कंपनी हिन्दुस्तान यूनीलीवर अब ‘फेयर एण्ड लवली’ की जगह ‘ग्लो एण्ड लवली’ नाम का इस्तेमाल कर सकती है। कंपनी ने इसके लिये ट्रेडमार्क पंजीकरण आवेदन किया है। कंपनी ने फेयर एण्ड लवली क्रीम उत्पाद से ‘फेयर’ शब्द को हटाने का फैसला किया है।
बहुराष्ट्रीय कंपनी यूनिलीवर पीएलसी की अनुषंगी यूनिलीवर ने हालांकि अपने ‘फेयर एण्ड लवली’ उत्पाद के लिये नये नाम की घोषणा नहीं की है लेकिन कंपनी ने ‘कंट्रोलर जनरल आफ पेटेंट डिजाइन एण्ड ट्रेडमार्क’ के पास 17 जून 2020 को ‘ग्लो एण्ड लवली’ नाम को रजिस्टर्ड करने का आवेदन किया है।
कंपनी का यह कदम ऐसे समय उठाया जा रहा है, जब नस्लीय आधार पर विभेद के खिलाफ दुनिया भर में आवाजें तेज हो रही हैं। हालांकि, कंपनी का कहना है कि उसके इस कदम का अभी पश्चिमी देशों में चल रहे नस्लवाद विरोधी आंदोलन से कोई लेना देना नहीं है। उसने कहा कि वह दो हजार करोड़ रुपये के अपने ब्रांड को बेहतर बनाने के लिये कई साल से काम कर रही है।
हिंदुस्तान यूनिलीवर लि. (एचयूएल) ने एक बयान में कहा, ‘‘कंपनी ब्रांड को आगे सुदंरता के दृष्टिकोण से और समावेशी बनाने के लिये कदम उठा रही है। इसके तहत कंपनी अपने ब्रांड ‘फेयर एंड लवली’ से ‘फेयर’ शब्द हटाएगी। नये नाम के लिये नियामकीय मंजूरी की प्रतीक्षा है। हम अगले कुछ महीनों में नाम में बदलाव की उम्मीद कर रहे हैं।’’
