प्रयागराज और प्रतापगढ़ में हुए मार्ग हादसों में दो युवकों ने तोड़ा दम, एक जख्‍मी

प्रयागराज के घूरपुर थाना इलाके में मवेशी की टक्‍कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक जख्‍मी हो गया। वहीं प्रतापगढ़ के कंधई थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में बाइक से जा रहे युवक की जान चली गई। दोनों ही घटनाओं में पहुंची पुलिस ने शवों को कब्‍जे में लिया और जख्‍मी को अस्‍पताल में भर्ती कराया।

फुफेरे भाई के साथ रिश्‍तेदारी से लौटते समय हुआ हादसा

घूरपुर थाना क्षेत्र के पालपुर का रहने वाला रज्जू सिंह पुत्र स्वर्गीय श्याम सिंह अपने 42 वर्षीय फुफेरे भाई विक्की सिंह पुत्र पप्पू सिंह निवासी सदियापुर भाई के साथ रिश्तेदार में गया था। कैनुआ के विश्राम सिंह के यहां उनकी रिश्‍तेदारी है। वहीं से शुक्रवार की रात में स्‍कूटी से दोनों वापस लौट रहे थे। घूरपुर थाने के कंजासा कैनुआ के बीच मार्ग पर अचानक एक मवेशी सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में स्‍कूटी अनियंत्रित होकर पलट गई।

जख्‍मी एसआरएन अस्‍पताल में भर्ती

बताते हैं कि मवेशी से स्‍कूटी के टकराने के बाद दोनों पेड़ से टकराने के बाद गिर गए। हादसे में विक्की सिंह की मौके पर मौत हो गई जबकि रज्‍जू सिंह गंभीर रूप से जख्‍मी हो गया। हादसे के बाद वहां पहुंचे ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से रज्जू सिंह को जसरा स्वास्थ केंद्र ले गई। वहां प्राथमिक उपचार के बाद  उसे शहर के स्वरुपरानी नेहरू अस्पताल डॉक्‍टर ने रेफर कर दिया। उधर पुलिस ने विक्‍की के शव को कब्‍जे में लेकर परिवार के लोगों को हादसे की जानकारी दी।

ड्यूटी पर जा रहे युवक की दुघर्टना में मौत

प्रतापगढ़ में कंधई थाना क्षेत्र के पूरे बोधई गांव निवासी 38 वर्षीय श्याम लाल विश्वकर्मा पुत्र कालूराम शहर के एक निजी अस्पताल में कर्मचारी था। शुक्रवार की रात बाइक से ड्यूटी पर जाते समय रास्ते में जफरापुर मोड़ पर सड़क दुघर्टना का शिकार हो गया। किसी वाहन की टक्‍कर से उसकी मौत हो गई। सूचना पर देर रात पहुंची कंधई पुलिस ने श्‍याम लाल के शव को कब्‍जे में ले लिया। सूचना पाकर बिलखते परिवार के लोग भी पहुंचे। श्याम लाल इकलौता बेटा था। उसकी दो बेटियां और एक बेटा है।