मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नए छत्तीसगढ़ सदन का ऑनलाइन किया शिलान्यास

 मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय से नई दिल्ली स्थित द्वारका में बनने वाले नए छत्तीसगढ़ सदन का ऑनलाइन शिलान्यास किया। नवा छत्तीसगढ़ सदन का निर्माण नई दिल्ली के सेक्टर-13 द्वारका में 60 करोड़ 42 लाख रुपए की लागत से कराया जाएगा।

इस सदन के निर्माण के लिए 43 हजार 803 वर्गफीट भूमि 22.50 करोड़ रुपए में क्रय की गई है। नवा छत्तीसगढ़ सदन में 10 स्यूट रूम, 67 कमरे, डायनिंग हॉल एंड वेटिंग सहित मीटिंग हॉल और कर्मचारियों के लिए आवासीय टावर का निर्माण किया जाएगा।

शिलान्यास अवसर पर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, मुख्य सचिव आरपी मंडल, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री सुब्रत साहू, प्रमुख सचिव वन मनोज पिंगुआ, सचिव लोक निर्माण विभाग सिद्धार्थ कोमल परदेशी, सचिव पर्यटन पी अंबलगन, प्रधान मुख्य वन संरक्षक राकेश चतुर्वेदी, मुख्यमंत्री सचिवालय में उप सचिव सौम्या चौरसिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे

देश की राजधानी में छत्तीसगढ़ भवन आकर्षण का केंद्र

देश की राजधानी नईदिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ भवन अपने आसपास के भवनों के लिए पहले से ही आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने यहां भवन में हर रोज होने वाले अभिनव तकनीकों का प्रयोग रोल माडल बन गया है। इस वजह से आसपास के मणिपुर, पुद्दुचेरी, असम व उत्तर प्रदेश के भवन भी अपने यहां की तकनीकों में बदलाव के लिए छत्तीसगढ़ भवन के अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं।

छत्तीसगढ़ भवन में आगंतुकों के आने-जाने, भोजन व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था व पेयजल आदि की आनलाइन मानीटरिंग की जा रही है। इस नवा छत्तीसगढ़ सदन के बनने से देश की राजधानी में छत्तीसगढ़ प्रदेश को एक नई पहचान मिलेगी और प्रदेश से देश की राजधानी जाने वालों को इस भवन का ज्यादा से ज्यादा लाभ मिल सकेगा।