
राज्यसभा चुनाव को लेकर बुधवार को सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर में हुई बैठक में एनडीए एकजुट नजर आया। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर और राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह की उपस्थिति में हुई एनडीए विधायक दल की बैठक में आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश महतो व सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी भी उपस्थित रहे। इसके साथ ही राज्यसभा चुनाव में सुदेश महतो व उनकी पार्टी की भूमिका को लेकर लग रहे कयासों पर विराम लग गया है। बैठक मेें तय हुआ कि एनडीए विधायक राज्यसभा चुनाव तक रांची में ही कैंप करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, नेता विधायक दल बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह समेत भाजपा के तमाम विधायकों ने बैठक में शिरकत की।
राज्यसभा चुनाव में आजसू पार्टी की भूमिका स्पष्ट होने के साथ ही भाजपा प्रत्याशी दीपक प्रकाश की जीत तकरीबन सुनिश्चित हो गई है। निर्दलीय विधायक सरयू राय ने दीपक प्रकाश के समर्थन की घोषणा कर रखी है। हालांकि वे बैठक का हिस्सा नहीं बने। वहीं, निर्दल विधायक अमित यादव भी एनडीए विधायक दल की बैठक के बाद सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे। अमित यादव ने बतौर प्रस्तावक दीपक प्रकाश के नामांकन पर अपने हस्ताक्षर भी किए थे। बता दें कि बाबूलाल मरांडी समेत भाजपा के खुद के विधायकों की संख्या 26 है। आजसू के दो विधायकों और सरयू राय तथा अमित यादव का का साथ मिलने के बाद भाजपा प्रत्याशी दीपक प्रकाश को 30 विधायकों का समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है जबकि जीत के लिए महज 27 विधायकों के समर्थन की ही जरुरत है।
सुदेश बोले, हम शुरू से एनडीए के साथ
आजसू पार्टी के अध्यक्ष आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि आजसू शुरू से ही एनडीए के साथ रही है। हमारे विधायक ने भाजपा प्रत्याशी दीपक प्रकाश के नामांकन पत्र में भी हस्ताक्षर किए थे। मुख्यमंत्री से मुलाकात पर कहा कि वह एक शिष्टाचार मुलाकात थी। इससे अच्छा संदेश गया है। यह भी कहा कि झारखंड के हित में मुख्यमंत्री को जरुरत होगी तो आजसू उनके साथ खड़ी होगी। वैसे भी झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी शिबू सोरेन के पास पर्याप्त संख्या बल है। बेहतर होता यदि चुनाव में दो ही प्रत्याशी होते।
वोट कैसे करना है आज दी जाएगी जानकारी
एनडीए विधायकों में कई ऐसे हैं जो पहली बार राज्यसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। गुरुवार को सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर में ही विधायकों को वोट देने के तौर-तरीकों की जानकारी दी जाएगी।
सरला बिरला से ही बस से एक साथ वोट देने रवाना होंगे विधायक
भाजपा के सभी विधायक सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर से एक साथ वोट देेने के लिए विधानसभा रवाना होंगे। बाहर से आए विधायकों में कईयों ने यही अपना पड़ाव भी डाला है।
क्लीन बोल्ड हो जाएगी बीजेपी : हेमंत
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दावा किया है कि बीजेपी पिच पर उतरी है लेकिन क्लीन बोल्ड हो जाएगी। सरला-बिरला स्कूल में जो क्रिकेट मैच चल रहा है, वह गलत है। कानून का उल्लंघन नहीं हो, इसपर भी सरकार की नजर है।
भाजपा पूरी सतर्कता बरत रही
राज्यसभा चुनाव में विधायकों के समर्थन का पर्याप्त आंकड़ा होने के बावजूद भाजपा पूरी सतर्कता बरत रही है। यही वजह है कि रांची के महिलौंग स्थित सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर में ही ज्यादातर विधायकों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। भाजपा विधायक चुनाव तक यहीं कैंप करेंगे और यहीं से शुक्रवार को अपना वोट डालने के लिए विधानसभा कूच करेंगे। भाजपा के इस कदम पर सत्ताधारी दल ने तंज कसते हुए सवाल उठाए हैं।
आलमगीर आलम ने कहा कि भाजपा को क्रॉस वोटिंग का डर
कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि भाजपा को क्रॉस वोटिंग का डर सता रहा है, इसलिए विधायकों को स्कूल में रखा गया है। कहा कि उन्हें अपने विधायकों पर भरोसा नहीं है, भाजपा डर गई है। बता दें कि इससे पूर्व भी राज्यसभा चुनाव के एक दो दिन पहले ही भाजपा विधायकों को रांची बुला लिया जाता था, लेकिन यह पहला मौका है जब अधिकतर विधायकों को एक साथ एक ही जगह पर रोका गया है। जबकि राजधानी में सभी विधायकों के अपने आवास हैं। जाहिर है भाजपा चुनाव को लेकर बेहद सतर्क है और किसी भी तरह का रिस्क लेना नहीं चाहती है।