
गोरखपुर में गुरुवार को कोरोना संक्रमण के कुल 123 नमूनों की जांच हुई। जिसमें 113 नेगेटिव व 10 पॉजिटिव पाए गए। इनमें तीन उरुवा, चार बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज तथा बेलघाट, खजनी व तारामंडल स्थित वसुंधरा एनक्लेव के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। इस तरह से जिले में अब तक कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 206 हो गई है। इसमें से 113 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। आठ लोगों की मौत हो चुकी है। 85 का इलाज चल रहा है। सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया उरुवा के की पीपल्लवी बुजुर्ग निवासी 35 व 26 वर्षीय युवक 11 जून को दिल्ली से आए हैं। यही के भताड़ी गांव निवासी 54 वर्षीय व्यक्ति तीन जून को दिल्ली से आए हुए हैं। इसके अलावा बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज के चार लोग संक्रमित लोगों के संपर्क में आने की वजह से पॉजिटिव पाए गए हैं। एम्स में काम करने वाला एक 48 वर्षीय व्यक्ति भी संक्रमित मिला है। वह शहर के तारामंडल स्थित वसुंधरा एनक्लेव के 22 नंबर ब्लॉक का निवासी है। इसके अलावा बेलघाट व खजनी के एक- एक व्यक्ति में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया जो भी संक्रमित पाए गए हैं, उन सभी के गांव व कॉलोनी को सील कर सैनिटाइज करने का निर्देश दिया गया है। उनके संपर्क वाले लोगों की तलाश की जा रही है। एक- एक व्यक्ति के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी।
गोरखपुर-बस्ती मंडल में 88 नए कोरोना पॉजिटिव, एक की मौत
गोरखपुर-बस्ती मंडल में 88 नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए। बुधवार को जारी रिपोर्ट में सबसे अधिक 36 पॉजिटिव बस्ती में पाए गए। इसके अलावा महराजगंज में 26, गोरखपुर में 14 नए संक्रमित मिले। कुशीनगर में सात, सिद्धार्थनगर में तीन, संत कबीरनगर में दो पॉजिटिव मिले हैं। कुशीनगर में एक संक्रमित की मौत हो गई है।
बस्ती में 415 निगेटिव व 36 पॉजिटिव मिले
बस्ती के 451 लोगों के नमूनों की जांच रिपोर्ट जारी हुई। जिसमें 415 निगेटिव और 36 पॉजिटिव मिले। यहां संक्रमितों की कुल संख्या 299 पहुंच गई है। 12 की मौत हो चुकी है। 200 संक्रमित स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। कुशीनगर में संक्रमित की मौत की पुष्टि सीएमओ डा. एनपी गुप्ता ने की।
कुशीनगर एक्सप्रेस में बस्ती निवासी यात्री मिला पॉजिटिव
मुंबई से गोरखपुर आने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस के एसी टू श्रेणी के ए वन कोच में यात्रा कर रहे बस्ती जिले के परशुरामपुर ब्लाक के मडेरिया बाबू गांव निवासी एक यात्री की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ट्रेन सुबह 6.20 बजे बस्ती पहुंची तो उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ आए परिवार के छह अन्य सदस्यों को मेडिकल कालेज बस्ती के क्वारंटाइन सेंटर में भेजा गया। उनका नमूना मुंबई में लिया गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने की सूचना मुंबई से आरपीएफ बस्ती को मिली थी। पहली जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्होंने ट्रेन से यात्रा आरंभ की थी।
कोच के सभी यात्री होम क्वारंटाइन
गोरखपुर पहुंचने के बाद कुशीनगर एक्सप्रेस के एसी टू श्रेणी के ए वन कोच में बैठे अन्य सभी यात्रियों और संबंधित रेलकर्मियों को होम क्वारंटाइन करा दिया गया है। स्टेशन डायरेक्टर आशुतोष गुप्ता के अनुसार बस्ती और गोरखपुर में उतरे सभी यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग कराई गई। मुंबई के बाद ए वन कोच के यात्री जिन-जिन स्टेशनों पर उतरे हैं, वहां सूचना भेज दी गई है। सभी यात्रियों को एसएमएस के जरिये अलर्ट कर दिया गया है।