CSK ने सैनिकों की शहादत पर अप्रिय ट्वीट करने वाले अपने टीम के डॉक्टर को तुरंत किया सस्पेंड

आइपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने बुधवार को अपने टीम के डॉक्टर मधु थोट्टापिलिल को अपने पर्सनल ट्विटर अकाउंट पर अप्रिय ट्वीट डालने के लिए तुरंत सस्पेंड कर दिया। उन्होंने शहीद हुए भारतीय सैनिकों की शहादत को पीएम केयर्स फंड से जोड़कर कटाक्ष किए थे। आपको बता दें कि गलवान वैली में भारत और चीन के सैनिकों को बीच हुए झड़प में देश के कई जवानों ने अपनी शहादत दी थी।

आपको बता दें कि गलवान घाटी में भारतीय सैनिकों की सीमा पर चीन के सैनिकों से झड़प हुई जिसमें लगभग 20 सैनिकों के शहीद होने की बात सामने आई है। सारा देश इन सैनिकों की शहादत पर हताहत है और सब उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। भारतीय क्रिकटरों ने भी देश के लिए शहीद होने वाले सैनिकों की शहादत पर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी है।

वहीं दूसरी तरफ मधु ने अपने ट्वीट में लिखा कि मैं ये देखने के लिए उत्सुक हूं कि शहीद सैनिकों के ताबूत पीएम केयर्स फंड के स्टिकर के साथ आएंगे। आपको बता दें कि पीएम केयर्स फंड की स्थापना कोविड 19 महामारी से लड़ने के लिए की गई थी जिसमें देश के सक्षम नागरिक अपनी स्वेच्छा से डोनेट करते हैं और इससे मुसीबत में आए नागरिकों की मदद की जाती है।

मधु ने सैनिकों की शहादत को इस तरह से पीएम केयर्स फंड के साथ जोड़ा है ये अपनेआप में शर्मनाक है।

सीएसके ने अपने टीम के डॉक्टर के द्वारा उठाए गए इस कदम के बाद तुरंत ही कड़ा फैसला किया और उन्हें उनके पद से सस्पेंड कर दिया गया साथ ही इस मामले पर सफाई भी मांगी गई है। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स् ने साफ कर दिया है कि उन्हें इस ट्वीट के बारे में कुछ भी पता नहीं था। सीएसके की तरफ से ट्वीट करके कहा गया है कि मैनेजमेंट को इस ट्वीट के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। डॉ मधु की ये पर्सनल सोच है। वो अपने पद से सस्पेंड किए जाते हैं। इसके साथ ही इस ट्वीट को लेकर वो पूरे देश से माफी मांगते हैं।