कोविड हॉस्पिटल से एक साथ 24 कोरोना संक्रमितों को ठीक होने पर किया डिस्चार्ज

कोरोना काल में एक बड़ी राहत की खबर आई है। सोमवार को संभागीय कोविड हॉस्पिटल से एक साथ 24 कोरोना संक्रमितों को ठीक होने पर डिस्चार्ज किया गया। उनमें बिलासपुर के 19 और रायगढ़ के पांच मरीज शामिल हैं। अब उन्हें 14 दिनों तक होम आइसोलेट रहना होगा।

कोविड-19 हॉस्पिटल के प्रवक्ता डॉ.मनोज जायसवाल ने बताया कि इन मरीजों को बिलासपुर और रायगढ़ जिले के विभिन्न क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था। संक्रमित होने की पुष्टि होने के बाद सभी को कोविड हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। सभी को सर्दी-बुखार की शिकायत थी। उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार आने लगी। अंतिम जांच में उनके पूरी तरह से स्वस्थ होने की पुष्टि की गई। ऐसे में उन्हें सोमवार की दोपहर डिस्चार्ज किया गया। अब ये घर में 14 दिन के लिए आइसोलेट रहेंगे।

इन जिलों के मरीज हैं भर्ती

मौजूदा स्थिति में संभागीय कोविड हॉस्पिटल में बिलासपुर के 18, कोरबा के 23 और जांजगीर-चांपा के 12 मरीज भर्ती हैं। मुंगेली, गौरेला पेंड्रा मरवाही और रायगढ़ जिले के अब कोई भी मरीज हॉस्पिटल में भर्ती नहीं है। आने वाले एक-दो दिन के भीतर 12 से ज्यादा मरीज डिस्चार्ज हो जाएंगे।

अब तक 167 हुए भर्ती, 105 की हो गई है छुट्टी

संभागीय कोविड हॉस्पिटल को 15 मई से शुरू किया गया है। 32 दिन के भीतर कुल 167 कोरोना संक्रमित को भर्ती किया गया है। उनमें से 105 को स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गई है। मौजूदा स्थिति में 53 मरीजों का उपचार चल रहा है। वहीं नौ मरीजों को रायपुर एम्स रेफर किया गया है।