
Coronavirus Chhattisgarh News Update : छत्तीसगढ़ में सरकार ने जहां व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को खोलने के लिए सुबह पांच से रात नौ बजे तक की ढील दे दी है। वहीं कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने अपनी-अपनी सुविधानुसार दुकानें खोलने का समय नियत कर लिया है। सरकार लॉकडाउन खोलना चाहती है, वहीं व्यवसायी व्यापार के साथ ही सुरक्षा को ध्यान में रखकर समय सीमा तय कर रहे हैं।
राजधानी रायपुर में सराफा व्यावसायियों ने निर्णय लेते हुए प्रदेश भर में रोजाना शाम 7 बजे सराफा दुकानें बंद करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही रविवार को पूर्ण लॉकडाउन का फैसला लिया है। राज्य में कोरोना के बढ़ते लगातार संक्रमण को देखते हुए आज से ही इसे लागू करने जा रहे हैं। गौरतलब है कि शासन-प्रशासन ने रात 9 बजे तक दुकानों को खोलने की अनुमति दे दी है।
रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हरख मालू के अनुसार सराफा दुकानों को आज से शाम 7 बजे बंद की जाएगी। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए ये फैसला लिया गया है। सराफा की करीब 1500 दुकानों को नियत समय पर बंद किया जाएगा। जनसामान्य और खुद के परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रायपुर के सभी सराफा व्यापारियों ने यह फैसला लिया है। इसके साथ ही रविवार को साप्ताहिक अवकाश पर सभी दुकानों को बंद रखा जाएगा।
जानिये कहां कौन से व्यापारी संगठन कितने बजे बंद करा रहे दुकान
रायपुर शहर में ज्यादातर दुकानें 7 बजे बंद
गोल बाज़ार व्यापारी संघ शाम 7 बजे तक, गोल बाज़ार कपडा रेडीमेड व्यापारी संघ की दुकानें सुबह 9 से शाम 7 बजे तक और रविवार को पूर्ण बंद। महादेव घाट रोड व्यापारी संघ, रायपुर अनाज व्यापारी संघ, रायपुर सराफा एसोसिएशन- सुबह 9 से शाम 7 बजे तक। रायपुर स्कूटर पार्ट्स डीलर एसोसिएशन- सुबह 9 से शाम 7 बजे तक, डुमरतराई व्यापारी कल्याण महासंघ- सुबह 10 से शाम 7 बजे तक, रायपुर मशीनरी मर्चेंट एसोसिएशन, रायपुर इलेक्ट्रिकल मर्चेंट एसोसिएशन, रायपुर पुस्तक विक्रेता संघ ने अपनी दुकानें शाम सात बजे तक बंद कर लेने का निर्णय लिया है।
आसपास के नगरों का हाल
बिलासपुर- मर्चेंट एसोसिएशन- सुबह 9 से शाम 6 बजे तक।
महासमुंद- इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन- सुबह 9 से शाम 5 बजे तक
राजिम- चैंबर ऑफ़ कॉमर्स, नवापारा (राजिम)- सुबह 7 से शाम 7 बजे तक।
बेमेतरा- चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स, बेमेतरा- शाम 5 बजे तक।
तिल्दा- चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स,तिल्दा और तिल्दा नेवरा फुटवियर एसोसिएशन- सुबह 9 से शाम 7 बजे तक।
धमतरी- सराफा एसोसिएशन, धमतरी इलेक्ट्रिकल्स संघ, इलेक्ट्रॉनिक्स,फर्नीचर एसोसिएशन, कपड़ा और रेडीमेड व्यापारी संघ- शाम 7 बजे तक।