फिलहाल पुलिस ने मां के विरूद्ध गैर इरादतन हत्या का मामला भादवि की धारा 304 के तहत केस दर्ज

गुढियारी पुलिस थाना इलाके में एक ऐसी दर्दनाक घटना घटी है, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। मां ने अनजाने में अपने ही बेटे की जान ले ली। दरअसल घर के सामने खड़ी कार से चाबी निकालने के दौरान कार अचानक स्टार्ट हो गई और सामने खड़े बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बच्चे ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। कार से चाबी निकलाने वाली कोई और नहीं बल्कि उसी बच्चे की मां थी। हादसे में बेटे की मौत के बाद मां सदमे में है।

पुलिस के अनुसार गुढ़ियारी कृष्णा नगर निवासी अरुण ध्रुववंशी के घर के पास उसकी खुद की बोलेरो वाहन खड़ी थी। वाहन में चाबी लगी रह गई थी, जिसे निकालने उसकी पत्नी सरिता ध्रुववंशी गई। चाबी निकालते वक्त अचानक गाड़ी चालू हो गई और चलने लगी।

गाड़ी झटके से आगे बढ़ते हुए सामने खड़े 8 वर्षीय बेटे अनुराग ध्रुववंशी को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में बच्चे को गंभीर रूप से चोटें आई। जिसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहींं घटना के बाद बच्चे को खोने के गम में मां सदमे में है। इसके चलते पुलिस उनसे पूछताछ नहीं कर पाई है। फिलहाल पुलिस ने मां के विरूद्ध गैर इरादतन हत्या का मामला भादवि की धारा 304 के तहत दर्ज कर लिया है।