तेज आंधी और बारिश की वजह से सूरजमुखी व मक्की की फसल खराब, किसानों को उठाना पड़ेगा भारी आर्थिक नुक्सान

तेज आंधी और बारिश से शनिवार को लोगों को कुछ समय के लिए गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन गांवों में किसानों की मक्की और सूरजमुखी की तैयार फसल खराब हो गई है। अब फसल के बदरंग और झाड़ कम होने से किसानों को भारी आर्थिक नुक्सान उठाना पड़ेगा।

अमनदीप की 12 एकड़ में तैयार फसल हुई खराब

शनिवार की आंधी ने गांव सेह के किसान अमनदीप सिंह की नौ एकड़, जगदीश सिंह की 12 एकड़ सूरजमुखी की फसल खराब कर दी है। खेतों में खड़ी मक्की की फ़सल को भी भारी नुकसान हुआ है। दोनों फसलें इस वक्त पूरी तरह कटने के लिए तैयार थी और इसे बेचकर ही किसानों ने धान की फसल की रोपाई करनी थी।

काट कर रखी मक्की की फसल पानी में डूबी 

गांव गगड़ा के हरजिंदर सिंह, दलजीत सिंह पप्पी की काट कर रखी मक्की की फसल भी पानी में डूब गई। अब वे इसे घर में बिछाकर सुखाएंगे। उसके बाद फसल बिकने के लिए मंडी में आएगी। किसान सरपंच अवतार सिंह बरधाला, दलजीत सिंह बाबा फार्म माजरा ने कहा कि यह दोनों फसलें कटाई के लिए तैयार थी। बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया।

मंडी में सुखाई जा रही भीगी मक्की 

शनिवार को हुई अचानक बारिश से खन्ना की अनाज मंडी में भीगी मक्की की फसल को रविवार को मजदूर बिछा कर सुखाने में लगे रहे। फसल के सूखने तक अब किसानों को उसकी बिक्री का इंतजार करना होगा। धान की रोपाई का काम भी शुरू हो गया है। इस तरह किसान मंडी और खेतों में दोनों तरफ फंस गया है।

आंधी से गिरे खंबे, बिजली गुल

तपती गर्मी से पहले से लोग परेशान हैं। वहीं, खन्ना के कई इलाकों व गांवों में २४ घंटे से ज्यादा समय से बिजली बंद पड़ी है। कई इलाकों में ३२ घंटों से बिजली गुल होने के कारण लोग बेहाल हैं। शनिवार को आई आंधी ने काफी तबाही मचाई थी। इस दौरान पेड़ों के अलावा कई बिजली के खंभे भी गिर गए थे। इससे बिजली की तारें टूट जाने के कारण सप्लाई प्रभावित हुई थी। पावरकॉम ने कुछ इलाकों में शनिवार को देर शाम तक बिजली बहाल कर दी थी, लेकिन बहुत से इलाकों में सप्लाई ठप पड़ी है।

सारी रात जाग कर काटी

गगनदीप सिंह चीमा, निर्मल सिंह नोलड़ी, जगदीप सिंह कलालमाजरा ने बताया कि बीजा और सेह ग्रिड से सबंधित गांव नौलड़ी, कलालमाजरा, चक्क माफी, गगड़ा, बरधाला, गंढूआं, सलौदी और समराला रोड खन्ना के साथ लगते इलाकों में आंधी के कारण बिजली की सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हुई है।

कुछ अन्य इलाकों में शनिवार से बिजली ठप है। बिजली बंद होने से बुजुर्गो और बच्चों को ज्यादा परेशानी हो रही है। उन्होंने शनिवार की सारी रात जाग कर काटी। पालतू पशुओं का भी बुरा हाल है।

आंधी से आई समस्या, चल रही है मरम्मत : एक्सईएन

पावरकॉम के एक्सईएन गुरङ्क्षवदर सिंह ने कहा कि तेज आंधी से पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की वजह से बिजली की तारें टूट गई थीं। बिजली मुलाजिम काम पर हैं और वे खुद देखरेख कर रहें हैं। कई स्थानों पर नए खंभे लगाने पड़े हैं। इस कारण समस्या बनी हुई है। बहुत से स्थानों पर बिजली चालू कर दी गई है और अन्य स्थानों पर भी जल्दी ही चालू हो जाएगी।

मदद करे सरकार

यूथ अकाली दल कोर कमेटी के यादङ्क्षवदर सिंह यादू, ज़िला यूथ अकाली दल प्रधान बरजिंदर सिंह बबलू, भारतीय किसान यूनियन (मान) के हरजीत सिंह ग्रेवाल, राजिंदर सिंह बैनीपाल, भाकियू राजेवाल के ब्लाक समराला प्रधान मुखतियार सिंह, जगदेव सिंह, किसान दलजीत सिंह स्वैच, दलजीत सिंह पप्पी, गुरमेल सिंह बरधाला, कुलदीप सिंह इकोलाही, मोहन सिंह ढिल्लों हरेओं, कमलप्रीत ढिल्लों हरेओं ने पंजाब सरकार से मांग की है कि इलाके के किसानों की बरबाद हुई है। सरकार किसानों को मुआवज़ा दे।