इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, सराफा, कपड़े समेत पूरे बाजार को प्रशासन ने राहत दे दी है। अब तो रोज दुकानें खोलने का समय भी बढ़ा दिया गया है। ऐसे में अगले हफ्ते से होटल, बार को भी राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है। मालूम हो कि राज्य शासन ने 14 जून तक होटल, बार बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
होटल कारोबारियों द्वारा भी होटल खोलने की तैयारी पूरी कर ली गई है। होटल संचालकों का कहना है कि अब शासन के नियमों के अनुसार होटल खोले जाएंगे। साथ ही होटलों ने भी फूड सेफ्टी को देखते हुए अलग से नियम बनाए हैं। इसके तहत अब होटलों में ग्राहकों को गर्मागर्म और फ्रेश खाना मिलेगा।
साथ ही उपभोक्ता को जो भी खाना परोसा जाएगा, पहले उसका तापमान देखा जाएगा और खाने का तापमान भी 75 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए। साथ ही ज्यादा स्टार्च वाली सामग्री को मैन्यू में शामिल नहीं किया जाएगा। होटलों में अब किसी भी प्रकार से बफे नहीं होगा और लगने वाले टेबलों के बीच में भी छह फीट की दूरी रहेगी।
होटल स्टॉफ भी मास्क और ग्लब्स पहने रहेंगे। खाना बनाने वाले शेफ के लिए तो यह भी नियम रहेगा कि हर 20 मिनट के बाद उन्हें हाथ धोना है और किचन भी हर दो घंटे में सैनिटाइज करना होगा। उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार उन्हें डिस्पोजल में उपलब्ध कराया जाएगा।
सभी चीजों की होगी जांच
होटल के साथ ही उन्हें सब्जियां और अन्य सामग्री सप्लाई करने वाले सप्लायरों की भी अच्छी तरह से जांच होगी। देखा जाएगा कि इन सप्लायरों द्वारा मास्क और सैनिटाइज का प्रयोग किया गया है कि नहीं। होटल में प्रवेश के पहले ही पूरे स्टॉफ के शारीरिक तापमान को मापा जाएगा और उन्हें मास्क और ग्लब्स पहनने के बाद ही अंदर प्रवेश दिया जाएगा। इसी तरह आने वाले मेहमानों की भी जांच होगी।
समय बढ़ने पर व्यापारियों ने जताई खुशी
राज्य शासन ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और बाजार को लॉकडाउन से बड़ी राहत दे दी है। इसके तहत अब अब सभी दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठान सुबह 05 बजे से लेकर रात्रि 09 बजे तक खुल सकेंगे।
पिछले दिनों व्यापारियों द्वारा इसकी मांग भी की गई थी और दुकानें बंद होने के समय को लेकर व्यापारिक समूहों में आपस में भ्रम की स्थिति भी बनती जा रही थी। व्यापारियों का कहना है कि यह एक बहुत बड़ी राहत होगी। चेंबर अध्यक्ष जितेन्द्र बरलोटा ने कहा कि शासन के आदेशानुसार अब रात्रि नौ बजे तक दुकानें खोली जाएंगी।