PCB ने इंग्लैंड दौरे के लिए पाकिस्तान टीम का किया ऐलान, जिसमें कुछ नए नाम भी है शामिल

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) इंग्लैंड दौरे पर जाने वाली टीम का ऐलान कर दिया है। शुक्रवार की दोपहर को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 29 सदस्यीय टीम का चयन किया है, जो इंग्लैंड में टेस्ट और टी20 सीरीज खेलेगी। इस टीम में कई नए खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि पूर्व कप्तान सरफराज अहमद की वापसी हो गई। इतना ही नहीं, एक 36 साल के तेज गेंदबाज को भी टीम में फिर से शामिल किया गया है। 

मेजबान इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच अगस्त में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज और इतने ही मैचों की टी20 सीरीज खेली जानी है। इंग्लैंड की टीम इससे पहले जुलाई में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी, जबकि पाकिस्तान का कोरोना वायरस के बाद ये पहला दौरा होगा। बता दें कि पाकिस्तान टीम के दो खिलाड़ियों (मोहम्मद आमिर और हारिस सोहेल) ने इंग्लैंड दौरे पर जाने से इनकार कर दिया था।

इन नए चेहरों को मिली पाकिस्तान टीम में जगह

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने युवा बल्लेबाज हैदर अली को पहली बार राष्ट्रीय टीम में जगह दी है। हैदर अली ने इसी साल साउथ अफ्रीका में खेले गए अंडर 19 वर्ल्ड कप में दमदार प्रदर्शन किया था। इसके अलावा पाकिस्तान सुपर लीग में भी उन्होंने अपने प्रदर्शन चयनकर्ताओं का दिल जीता है। इस टीम में कासिफ भट्टी को भी शामिल किया गया है। इन्होंने अभी तक एक भी मैच पाकिस्तान टीम के लिए नहीं खेला है।

पीसीबी ने 36 साल के तेज गेंदबाज सोहेल खान को टीम में जगह दी है। 2017 में पाकिस्तान के इस पेसर ने आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला था। अभी तक सोहेल खान ने देश के लिए 9 टेस्ट, 13 वनडे इंटरनेशनल और 5 टी20 मैच खेले हैं। इन मैचों में उन्होंने क्रमशः 27 विकेट, 19 विकेट और 5 विकेट चटकाए हैं। वहीं, पूर्व कप्तान सरफराज खान की भी लंबे समय के बाद टीम में वापसी हुई है। वे विकेटकीपर के तौर पर टीम का हिस्सा हैं।

ये है पाकिस्तान की 29 सदस्यीय टीम

ओपनर – आबिद अली, फखर जमां, इमाम उल हक और शान मसूद

मध्य क्रम बल्लेबाज – अजहर अली (कप्तान), बाबर आजम(टेस्ट उपकप्तान और टी20 के कप्तान), असद शफीक, फवाद आलम, हैदर अली, इफ्तिकार अहमद, खुशदिल शाह, मोहम्मद हफीज और शोएब मलिक

विकेटकीपर – मोहम्मद रिजवान और सरफराज अहमद

तेज गेंदबाज – फहीम अशरफर, हैरिस रउफ, इमरान खान, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद हसनैन, नसीम शाह, शाहीन अफरीदी, सोहेल खान, उस्मान खान शिनवारी और वहाब रियाज

स्पिनर – इमाद वसीम, काशिफ भट्टी, शादाब खान और यासिर शाह