अधिकारिक जानकारी के अनुसार सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया आदेश….

छत्तीसगढ़ के मंत्रालय में आज से अनलॉक की शुरुआत हो गई है। सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलने के बाद आज से ज्यादातर अफसर और कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर पहुंचे हैं। करीब ढाई महीने बाद सरकारी अमला का फिर से रूटीन तय हो रहा है। अधिकारी पहले की तरह ही अब नियमित रूप से मंत्रालय में काम करेंगे। इससे महीनों से बंद पड़ी फाइलें और सरकारी कामकाज एक बार फिर पटरी पर आने की उम्मीद की जा रही है।

कोराेना संक्रमितों की बढ़ती संख्या के बीच सावधानी और सुरक्षा उपाय के बीच अनलॉक-वन का दौर बीते 8 जून से शुरू हुआ। इस क्रम में बुधवार 10 जून से नया रायपुर स्थित मंत्रालय खुलने से अब सरकारी कामकाज में गति आने की संभावना जाहिर की जा रही है।

हालांकि, आम आदमी को मंत्रालय में प्रवेश के लिए अभी कोरोना संक्रमण के तमाम उपयों के दौर से गुजरना पड़ेगा। सेनेटाइजर से लेकर हैंडवाश तक सबकुछ पुख्ता इंतजाम मंत्रालय में किया जा रहा है। सामान्यजन का प्रवेश फिलहाल नगण्य है।

अधिकारिक जानकारी के अनुसार मंगलवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी किया है। इसके बाद अब नियमित रुप से मंत्रलाय, सचिवालय और संचालनालय तीनों जगह काम संचालित होगा। कोरोना संक्रमण रोकने को लेकर आवश्यक एहतियात और दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सभी को फिजिकल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन करना होगा।

दफ्तर में मास्क और ग्लव्स के बिना अंदर प्रवेश की इजाजत नहीं दी जाएगी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके साथ ही मंत्रालय तक चलने वाली बसों और अन्य वाहनों को नियमित रूप से सेनेटाइज्ड करने और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी गई है।