रॉक गार्डन की एग्जिट न होने से एक ही संकरा रास्ता है जिससे लोग आते-जाते हैं, पढ़े पूरी खबर

लॉकडाउन से ही बंद पड़े रॉक गार्डन के फेज-4 में निर्माण कार्य भी रुका हुआ है। प्रवासी मजदूरों के जाने से कॉन्ट्रेक्टर को यहां मजदूर नहीं मिल रहे। जिस वजह से यहां से बनने वाले एग्जिट प्वाइंट का कार्य अटका हुआ है। एक दिक्कत ये भी है कि रॉक गार्डन की एग्जिट न होने से एक ही संकरा रास्ता है, जिससे लोग आते-जाते हैं। ऐसे में फिजिकल डिस्टेंसिंग की वजह से इसे लोगों के लिए नहीं खोला जा सकता।

रॉक गार्डन के निर्माता स्वर्गीय नेक चंद के बेटे अनुज सैनी ने कहा कि अभी रॉक गार्डन कब खुलेगा इस पर संशय है। मगर एग्जिट प्वॉइंट का काम रुकने से लोगों के बाहर निकलने का स्थायी रास्ता नहीं बनाया गया है। रॉक गार्डन अंदर से बहुत बड़ा है, जिससे यहां फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन तो किया जा सकता है। मगर एंट्री और एग्जिट को लेकर थोड़ा संशय है। गार्डन के फेज-3 में स्थित एक ही गेट है, जहां से लोग आते या जाते हैं। ऐसे में वहां से लोगों का गुजरना या आना सही नहीं। फेज-4 के निर्माण में इन दिनों कॉन्ट्रेक्टर काम कर रहे हैं, लेकिन लेबर की कमी के कारण अभी इसमें देरी होगी।