भारत में काफी ज्यादा बढ़ी कोरोना वायरस टेस्टिंग, रोज हो रहे हैं करीब 1.4 लाख टेस्ट

भारत में कोरोना वायरस के मामले तेज़ी से बढ़ रहे हैं और अब कुल केस की संख्या 2.76 लाख से अधिक हो गई है. पिछले 24 घंटे में देश में करीब दस हजार मामले सामने आए हैं. इस बीच अब देश में कोरोना वायरस के कुल 50 लाख से अधिक टेस्ट किए जा चुके हैं. ICMR के आंकड़े के अनुसार, अबतक भारत में 50,61,332 टेस्ट हो चुके हैं.

पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के कुल एक लाख 45 हजार से अधिक टेस्ट किए गए, जो एक दिन में किया गया सबसे अधिक नंबर है. करीब 20 मई के बाद से ही देश में रोजाना एक लाख से अधिक टेस्ट किए जा रहे हैं. ICMR का लक्ष्य अब इस संख्या को रोजाना दो लाख तक पहुंचाने का है.

बता दें कि देश में अभी 590 सरकारी लैब, 233 प्राइवेट लैब पर कोरोना के सैंपल जांच किए जा रहे हैं. ICMR की ओर से लगातार इन लैब की संख्या बढ़ाई जा रही है, साथ ही मौजूदा लैब्स में टेस्टिंग कैपेसिटी पर जोर दिया जा रहा है.

अगर दुनिया में कोरोना वायरस के टेस्टिंग की संख्या देखें, तो भारत कुल टेस्ट के मामले में अब चौथे नंबर पर पहुंच गया है. अबतक अमेरिका में सबसे अधिक 2.2 करोड़ टेस्ट हुए हैं. वहां रोज करीब पांच लाख टेस्ट किए जा रहे हैं.

• अमेरिका: 2.2 करोड़ टेस्ट

• रूस: 1.3 करोड़ टेस्ट

• यूके: 58 लाख टेस्ट

• भारत: 50 लाख टेस्ट

• स्पेन: 45 लाख टेस्ट

हालांकि, अगर प्रति दस लाख में टेस्टिंग के आंकड़ों को देखें, तो भारत अभी काफी पीछे है. एक मिलियन की जनसंख्या में भारत में सिर्फ साढ़े तीन हजार के करीब टेस्ट हो रहे हैं, जो सबसे प्रभावित देशों में सबसे कम में से एक हैं. भारत में अभी टेस्टिंग के मामले में तमिलनाडु सबसे आगे है और उसके बाद महाराष्ट्र, राजस्थान का नंबर आता है.