राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में आज हुई जबरदस्त बारिश

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में आज जबरदस्त बारिश होने की खबर है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक निसर्ग चक्रवात का आंशिक प्रभाव है। ऊपरी हवा के चक्रवर्ती घेरा के रूप में बिहार और उससे लगे उत्तर प्रदेश के ऊपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक है। ऊपरी हवा का चक्रवात घेरा विदर्भ और उसके आसपास 0.9 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। इसके प्रभाव से रविवार और सोमवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।

दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल स्थिति है। इसके प्रभाव से एक निम्न दाब का क्षेत्र अगले 48 घंटे में पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी में बनने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार कल 8 जून को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है ।

प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में अगले 24 घंटे में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। उसके बाद अधिकतम तापमान में गिरावट होने की संभावना बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी में बने ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवात के कारण मानसून जल्दी ही छत्तीसगढ़ में दस्तक दे सकता है अभी फिलहाल कम से कम चार से 5 दिन इंतजार करना होगा। स्थानीय प्रभाव से आज रायपुर सहित आसपास के क्षेत्र में दोपहर में अच्छी बारिश हुई।