
जिले में कोरोना वायरस से एक और मौत हो गई है। मोहल्ला हबीब गंज की रहने वाली कोरोना पोजटिव 60 साल की महिला ने शनिवार देर रात्रि दम तोड़ दिया। महिला को क्रोनिक किडनी की बीमारी थी। इसके साथ ही निमोनिया की भी शिकायत थी और बीपी भी लो चल रहा था। महिला अस्पताल भर्ती होने के दिन से जी वेंटिलेटर पर थी। सिविल सर्जन डॉ राजेश बग्गा ने पुष्टि की। जिले में कोरोना से यह दसवीं मौत है।।
शहर में कर्फ्यू खुलते ही कोरोना पॉजिटिव मरीजों की रफ्तार बढ़ने लगी है। शनिवार को लुधियाना में एक साथ 17 पॉजिटिव केस आए। इनमें से एक अमृतसर और बाकी मरीज लुधियाना जिले से हैं। इनमें चार गर्भवती महिलाएं और डीएमसी की नर्सिग सुपरवाइजर शामिल है।
सिविल सर्जन डॉ. राजेश बग्गा ने बताया कि शनिवार को जो 17 मरीज पॉजिटिव आए हैं, उनमें अमृतसर का 60 वर्षीय व्यक्ति फोर्टिस अस्पताल में दाखिल है। इसके अलावा दोराहा की सीएमसी में दाखिल महिला, इस्लामगंज की गर्भवती महिला, बड़ी हैबोवाल की महिला, मुंडियां से गर्भवती महिला, न्यू दीप नगर सिविल लाइंस से महिला, दशमेश नगर से गर्भवती महिला, जस्सोवाल गांव से एक युवक शामिल हैं।
इसके अलावा गांव राउनी की बैंक मुलाजिम महिला भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। वह दिल्ली की निवासी है। इसके अलावा गुड़गांव से आई फाजिल्का की महिला भी संक्रमित आई है। कोट मंगल सिंह की टीबी पेशेंट को सिविल अस्पताल लाया गया था। उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। डीएमसी की नर्सिग स्टाफ इंचार्ज भी पॉजिटिव पाई गई है। इसके अलावा डीएमसी में दाखिल तीन अन्य मरीज भी पॉजिटिव पाए गए हैं।
कोरोना वायरस की टेस्टिंग को लेकर सिविल अस्पताल में स्थित 18 नंबर लैब में ट्रूनेट मशीन लगा दी गई। आमतौर पर यह मशीन टीबी की जांच के लिए समक्ष है, लेकिन आइसीएमआर की गाइडलाइन के अनुसार अब इससे कोरोना वायरस के सैंपल के टेस्ट भी होंगे। लैब में नियुक्त विशेषज्ञ डॉ. बिदु नलवा ने बताया कि यह मशीन स्वैब टेस्ट करेगी। एक घंटे में मशीन दो सैंपल की जांच कर सकती है। हालांकि अभी टेस्टिंग शुरू नहीं हुई। विभाग द्वारा हर रोज 30 से 40 सैंपल जांच करने की तैयारी है। यहां पर जिनकी प्रारंभिक रिपोर्ट पॉजिटिव आएगी, उनके सैंपल ही जांच के लिए सेहत विभाग द्वारा पटियाला के राजिदरा अस्पताल में भेजे जाएंगे।
बाहर निकलने पर एहतियात बरतें
सिविल सर्जन डॉ. राजेश बग्गा ने कहा कि हमें कोरोना वायरस के बीच जीने की आदत डालनी होगी। कोरोना से बचाव के लिए मास्क पहनें, फिजिकल डिस्टेंस रखें। बार-बार हाथ धोने की आदत डालें। घर से बिना वजह निकलने की आदतों को छोड़ें। तब जाकर कोरोना वायरस से बचाव हो सकेगा।