दिल्ली सरकार ने किया ये बड़ा फैसला, सोमवार से खुलेंगे दिल्ली की सभी सीमाएं….

 दिल्ली की सभी सीमाएं सोमवार से खोल दी जाएगी। सीएम केजरीवाल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली सरकार ने फैसला किया है कि हरियाणा और यूपी से लगती दिल्ली के बॉर्डर खोल दिए जाएं। डिजिटल प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि सोमवार से दिल्ली में रेस्टॉरेन्ट,मॉल धार्मिक स्थल खुल रहे हैं। केंद्र सरकार ने जो एहतियात बरतने के लिए कहा है वह सभी एहतियात बरतने होंगे।

सीएम केजरीवाल ने कहा कि लॉकडाउन में ढील का मतलब ये नही कि कोरोना ख़त्म हो गया। ऐसा देखा जा रहा है कि लोग बिना मास्क के घर से निकल रहे हैं। लोगों से अपील करते हुए केजरीवाल ने कहा कि सभी शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करें और मास्क पहनें। केजरीवाल ने बुजुर्गों से कहा कि आप यह मानकर चलें कि आपके लिए लॉक डाउन अभी भी लागू है।बुज़ुर्ग और गंभीर बीमारी वाले लोग एहतियात बरतें।

सीमाओं पर हुई जांच, सामान्य रहा यातायात

कोरोना वायरस के संक्रमण के फैलाव के मद्देनजर सील की गईं दिल्ली की सीमाओं पर रविवार को आवाजाही सामान्य है। गाजियाबाद-दिल्ली की सीमाओं पर शनिवार को पुलिस ने जांच के बाद लोगों को आवाजाही करने दी। पासधारकों व जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों के अलावा अन्य को वापस कर दिया गया। वाहनों का दबाव कम होने के कारण शनिवार को सीमाओं पर जाम की समस्या नहीं हुई। इससे राहगीरों ने राहत महसूस किया। सप्ताह भर से यूपी गेट, शालीमार गार्डन मेन व भोपुरा सीमा पर गाजियाबाद व दिल्ली पुलिस की जांच के कारण जाम की समस्या बनी हुई थी। सबसे ज्यादा समस्या सुबह आठ से साढ़े दस बजे तक हो रही थी। शनिवार को भी पुलिस ने सुबह जांच की। वाहनों की संख्या कम रही और यूपी गेट पर फ्लाईओवर से भी लोगों को दिल्ली की ओर-जाने दिया गया। इस वजह से यूपी गेट पर जाम नहीं लगा।