
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी की छुट्टी हो गई है। उनके स्थान पर उत्तरी दिल्ली नगर निगम के पूर्व महापौर आदेश गुप्ता को दिल्ली भाजपा की कमान सौंपी गई है। लगभग दो वर्ष बाद दिल्ली में नगर निगम का चुनाव होना है। माना जा रहा है कि पार्टी ने इसे ध्यान में रखकर गुप्ता को अध्यक्ष बनाया है। इसके साथ ही व्यापारी वर्ग को पार्टी के साथ जोड़े रखने में भी मदद मिलेगी।
प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर आदेश कुमार गुप्ता ने भाजपा आलाकमान को शुक्रिया कहा है। समाचार एजेंसी एएनआइ से बात करते हुए उन्होंने पीएम मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और अन्य सीनियर नेताओं का शुक्रिया अदा किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की तरफ से जारी नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आदेश पर मनोज तिवारी की जगह आदेश गुप्ता को दिल्ली का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो चुका है।
.jpg)
नए प्रदेश अध्यक्ष को मनोज तिवारी ने दी बधाई
वहीं मनोज तिवारी ने ट्वीट कर नए प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर 3.6 साल के कार्यकाल में जो प्यार और सहयोग मिला उसके लिये सभी कार्यकर्ता,पदाधिकारी और दिल्ली वासियों का सदैव आभारी रहूंगा। जाने अनजाने कोई त्रुटि हुई हो तो क्षमा करना।
2017 में पहली बार बने पार्षद
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से राजनीति की शुरुआत करने वाले गुप्ता मूलरूप से ऊत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा व भाजपा में कई पद पर रह चुके हैं। चुनावी राजनीति की शुरुआत उन्होंने महज तीन साल पहले की है। वर्ष 2017 में वेस्ट पटेल नगर से पहली बार नगर निगम का चुनाव जीतकर पार्षद बने। 2018 में उन्हें उत्तरी दिल्ली नगर निगम का महापौर बनाया गया। विधानसभा चुनाव के पहले इन्हें दिल्ली में बंगाली समाज को पार्टी के साथ जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई थी।
इससे पहले नवंबर 2016 में मनोज तिवारी दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए थे। तब से वे अब तक प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर पार्टी का कामकाज देख रहे थे।
कौन हैं आदेश गुप्ता
आदेश गुप्ता मूल रुप से उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के गुरसहायजंग के रहने वाले हैं। उन्होंने छत्रपति साहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर से बीएससी की शिक्षा प्राप्त की है। वह पहली बार वार्ड नंबर 98 (वेस्ट पटेल नगर) से पार्षद बने थे।
- वर्ष 2017में पहली बार पार्षद बने।
- भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यालय में धमेंद्र प्रधान के समय कार्यालय मंत्री रहे।
- दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश कोहली के समय में कार्यालय मंत्री रहे।
- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में विस्तारक और पूर्णकालिक सदस्य रहे।
- करोलबाग जिला में भाजपा उपाध्यक्ष रहे।
- वर्ष 1995 में रोजगार की तलाश में दिल्ली आए थे। ट्यूशन पढ़ाकर आजीविका चलाई।
आदेश गुप्ता की प्राथमिकताएं
- उत्तरी निगम की खराब आर्थिक हालत को ठीक कर उसे आत्मनिर्भर बनाना।
- स्वच्छ भारत मिशन के तहत हर घर को स्वच्छता अभियान से जोड़ना।
- निगम के पार्को की हालत को ठीक करना एवं पार्किग व्यवस्था को दुरुस्त करना।