बैंक के कर्जदारों के साथ ही सभी व्यापारियों को भी क्रेडिट पैकेज का मिलेगा लाभ

 बैंक के कर्जदारों के साथ ही सभी व्यापारियों को भी क्रेडिट पैकेज का लाभ मिलेगा। नेशनल क्रेडिट गारंटी ट्रस्ट कार्पोरेशन ने इस योजना के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इसमें लिखा है कि एमएसएमई के रूप में जो पंजीकृत नहीं हैं, वे भी इस योजना का लाभ ले सकते हैं। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स एसोसिएशन (कैट) ने इस योजना का लाभ सभी व्यापारियों को देने की मांग को लेकर पिछले दिनों वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र भी लिखा था।

कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर पारवानी ने बताया कि बैंक क्रेडिट पैकेज के तहत ऋण देते हुए नया ऋण खाता बनाएंगे। यह खाता कर्जदार के मौजूदा ऋण खाता से अलग होगा। उनके अनुसार 12 महीने की मोहलत के साथ चार साल की अवधि के लिए दिए जाने वाले इस ऋण पर ब्याज दर 9.25 फीसद और एनबीएफसी के लिए 14 फीसद है।

सभी व्यापारी, जिनके पास बैंकों का 25 करोड़ तक का बकाया ऋण है और 100 करोड़ वार्षिक टर्नओवर है, इस योजना के अंतर्गत ऋण ले सकते हैं। साथ ही आम व्यापारी भी इस योजना के तहत लोन ले सकते हैं।

पारवानी ने कहा कि योजना में सभी व्यापारियों को शामिल करना स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने कहा कि कैट शुरू से व्यापारियों के लिए ऐसे पैकेज की मांग कर रहा था। कैट के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष विक्रम सिंहदेव ने कहा कि सभी व्यापारियों को योजना में शामिल करने से इस पैकेज का लाभ बड़ी आबादी को मिलेगा।