सक्रिय ज्वालामुखी के ऊपर सीधे उच्च तार पर चलकर निक वालेंडा ने बनाया इतिहास

किसी सक्रिय ज्वालामुखी के पास पहुंचते ही लावे की गर्क आंच से जीना मुश्किल हो जाता है। इसके साथ ही ज्वालामुखी से निकल रही जहरीली गैसें सांस लेना दूभर कर देती हैं। मगर, इस चुनौतियों को दरकिनार करते हुए निक वालेंडा ने सक्रिय ज्वालामुखी के ऊपर सीधे उच्च तार पर चलकर इतिहास रच दिया है। ऐसा करने वाले वह दुनिया के पहले शख्स बन गए हैं।

प्रसिद्ध फ्लाइंग वालेंडा सर्कस परिवार से सातवीं पीढ़ी के कलाकार निक निकारागुआ में सक्रिय मसाया ज्वालामुखी के ऊपर से बुधवार को कसी हुई रस्सी पर सफलतापूर्वक चलकर गुजर गए। उनके इस हैरतंगेज कारनामे को रिकॉर्ड करने के लिए कई एयरबोर्न और ग्राउंड कैमरों को लगाया गया था।

इसमें साफ देखा जा सकता है कि डेयरडेविल गुरुत्वाकर्षण को मात देते हुए गर्म लावा के ऊपर बिना किसी परेशानी के धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे हैं। निक के पैरों के ठीक नीचे एक “लाल मैग्मा की झील” दिख रही थी। उन्होंने 1,800 फीट का सफर तय करने में सिर्फ 31 मिनट का समय लिया। रिकॉर्ड तोड़ने वाले इस स्टंट को करने के लिए 41 वर्षीय निक ने अपने फेफड़े को ज्वालामुखी के हानिकारक धुएं से बचाने के लिए एक गैस मास्क, हार्नेस और आंखों का चश्मा पहना था।

उनके जूते ज्वालामुखी से आने वाली संभावित गर्मी को कम करने में मदद के लिए मोटे तलवों के साथ डिजाइन किए गए थे। ट्विटर पर शेयर किए गए वीडियो में उन्हें रोंगटे खड़े कर देने वाले स्टंट का प्रदर्शन करते हुए दिखाया गया है। एबीसी न्यूज में उनके स्टंट का सीधा प्रसारण किया गया था। इस दौरान उन्हें तेज रफ्तार में चल रही हवाओं का भी सामना करना पड़ रहा था, जिनके बारे में पहले से अनुमान लगाना कठिन था।

इसके बाद निक ने कहा कि यह यात्रा ‘मंत्रमुग्ध करने वाली’ थी। उन्होंने कहा कि यह आश्चर्यजनक थी, उस ज्वालामुखी के लावा को देखना बिल्कुल मंत्रमुग्ध करने वाला था। यह कुछ ऐसा था, जिसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। पिछले साल जून में एक और रोंगटे खड़े कर देने वाले स्टंट में निक और उनकी बहन लिजाना ने न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वेयर पर 25 स्टोरीज के ऊपर बंधे तार पर चहल-कदमी की थी।