फिल्म अंग्रेजी मीडियम की एक्ट्रेस राधिका मदान ने फिल्म का ट्रेलर देखने के दौरान दिया रिएक्शन

बॉलीवुड एक्ट्रेस राधिका मदान फिल्म अंग्रेजी मीडियम को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म में वह इरफान की बेटी के रोल में नजर आएंगी। राधिका के करियर की बात करें तो उन्होंने इसकी शुरुआत टीवी से की थी। डायरेक्टर विशाल भारद्वज को उनका काम पसंद आया और उन्हें फिल्म पटाखा में काम करने का मौका दिया। हालांकि, ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ कमाल नहीं दिखा पाई, लेकिन राधिका के काम को बहुत पसंद किया गया। इसके बाद राधिका ‘मर्द को दर्द नहीं होता’ में नजर आईं। फिल्म में उन्होंने अभिमन्यु दासानी के अपोजिट लीड एक्ट्रेस का रोल प्ले किया था।  अब वह इरफान खान के साथ काम कर रही हैं।

राधिका के लिए ‘अंग्रेजी मीडियम’ में काम करना सपना पूरा होने जैसा है। उन्होंने बताया कि फिल्म का ट्रेलर देखने के दौरान उनका रिएक्शन कैसा था। बॉलीवुड लाइफ के साथ इंटरव्यू के दौरान राधिका ने कहा, ‘जब मैंने ट्रेलर का आखिरी 10 सेकेंड और स्टारकास्ट के नाम देखे तो मैं ट्रेलर को पूरी तरह से भूल गई। मैंने रोना शु्रू कर दिया। यह मेरा सपना है और मैं अपने सपने को जी रही हूं। मुझे लगता है कि इससे ज्यादा खूबसूरत अहसास कुछ हो ही नहीं सकता है। मैंने महसूस किया कि अब मेरा सपना पूरा हो गया है।’

आपको बता दें कि ‘अंग्रेजी मीडियम’ 2017 में आई फिल्म हिंदी मीडियम का सीक्वल है। इस फिल्म में इरफान और राधिका मदान के अलावा करीना कपूर, दीपक डोबरियाल, डिम्पल कपाड़िया अहम किरदार में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन होमी अदजानिया ने किया है। यह 13 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।