सीतापुर में आदमखोर कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा

सीतापुर ज़िले में आदमखोर कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला आज खैराबाद के महेशपुर चिलवारा गांव का है जहां पर आदमखोर कुत्तों ने एक बच्ची को मौत के घाट उतार दिया। घटना का पता चलते ही इलाके के ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया और उन  सभी ने लाठी डंडे लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग 24 को जाम करके प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी चालू कर दी।वहीं मृतक बच्ची के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। सभी पुलिस और प्रशासन की अकर्मण्यता को ज़िम्मेदार मां रहे हैं।

पूरे देश में चर्चित हो चुके खैराबाद के कुत्तों के मामले में प्रशासन द्वारा बरती जा रही लापरवाही से नाराज़ होकर हाइकोर्ट ने फटकार भी लगाई थी जिसके बाद अभी दो दिन पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इलाके का दौरा किया था, मृतकों और घायलों को मुआवजे का भी ऐलान किया था और आश्वासन दिया था कि समस्या का त्वरित समाधान निकाला जाएगा लेकिन परेशान के ढुलमुल रवैये से ऐसा होता नहीं दिख रहा। अब तक एक दर्जन से अधिक बच्चों को आदमखोर कुत्ते अपना शिकार बना चुके हैं लेकिन प्रशासन ये तक पता नहीं कर पा रहा कि ये कुत्ते ही हैं या कोई और जानवर। रोज़ाना ही रही हमले की घटनाओं ने प्रशासन के दावों को धज्जियां उड़ाकर रख दी हैं।