Oxford Hindi Word of Year 2019 ऑक्‍सफोर्ड ने संविधान को घोषित किया 2019 का हिंदी शब्‍द

ऑक्सफोर्ड (Oxford) ने ‘संविधान’ (Samvidhaan) को साल 2019 का हिंदी शब्द यानी HWOTY (Oxford Hindi Word of the Year) चुना है। ‘संविधान’ को साल 2019 के हिंदी शब्द के रूप में स्थान देने के पीछे खास वजह इसका अर्थ है। इसका अर्थ है मूल सिद्धांतों का एक निकाय या स्थापित मिसाल, जिसके आधार पर किसी राज्य या संगठन को शासन करने की अनुमति मिलती है। वर्ष का ऑक्‍सफोर्ड हिंदी शब्‍द ऐसा वर्ड होता है जिसने सर्वाधिक लोगों का ध्‍यान आकर्षित किया होता है या पिछले साल की लोकनीति, मनोदशा या व्‍यस्‍तता को दर्शाता है।

जारी बयान में कहा गया है कि ‘संविधान’ अंग्रेजी शब्‍द Constitution का हिंदी अनुवाद है। साल 2019 का हिंदी वर्ड ऑफ द ईयर (Hindi Word of the Year) के लिए ‘संविधान’ उचित शब्‍द है जो आम जनता के मूड और नीति निर्माताओं की ओर ध्यान आकर्षित करता है। संविधान देश की भावना का प्रतीक है और साल 2019 संविधान की उस भावना का गवाह रहा जिसे समाज के सभी वर्गों में अपनाया जा रहा है। ऑक्सफोर्ड के मुताबिक, साल 2019 में संविधान के आधार पर ही लोकतंत्र, सेक्युलरिज्म, न्याय, आजादी और समानता की कसौटियों को मापा गया।

हिंदी लैंग्‍वेज चैंपियन फॉर ऑक्‍सफोर्ड लैंग्‍वेजेज, कृतिका अग्रवाल ने कहा कि पिछले साल संविधान शैक्षिक अवधारणा से उभरते हुए आंदोलन की ओर अग्रसर हुआ। संविधान शब्द सबसे पहले चर्चा में पांच अगस्त, 2019 को तब आया जब जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35ए को हटा दिया गया था। यही नहीं पिछले साल के सुप्रीम कोर्ट के कई अहम फैसलों में भी संविधान का जिक्र कई बार आया। इनमें सबरीमाला केस, महाराष्ट्र में शक्ति परीक्षण और कर्नाटक में 17 विधायकों की सदस्यता रद करने पर आए फैसले शामिल हैं।