
भारतीय ओपनर शिखर धवन ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में चोट के बाद वापसी की है। रोहित शर्मा को आराम दिए जाने की वजह से वह केएल राहुल के साथ पारी की शुरुआत कर रहे हैं। राहुल इस वक्त शानदार फॉर्म में हैं और रोहित के साथ उनकी जोड़ी अच्छा कर रही है।
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर मानते हैं कि शिखर धवन भारतीय टीम में अपना स्थान बरकरार रखने के लिए दबाव में होंगे, क्योंकि सलामी बल्लेबाज के तौर पर लोकेश राहुल बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।

घुटने की चोट के कारण दो महीने तक दूर रहने के बाद धवन वापसी कर रहे हैं। उन्होंने मंगलवार को इंदौर में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी-20 में 30 गेंद में 32 रन, जबकि राहुल ने 32 गेंद में 45 रन की पारी खेली, जिससे भारत ने 143 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया।सफेद गेंद के प्रारूप में टीम के उप कप्तान और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को इस सीरीज में आराम दिया गया है।
गंभीर ने कहा, ‘राहुल बेहतरीन फॉर्म में हैं। जब भी मैं राहुल को बल्लेबाजी करते हुए देखता हूं तो हर बार अचंभित रह जाता हूं कि वह टेस्ट क्रिकेट में भी इसी तरह से क्यों नहीं खेलते। वह जितनी काबिलियत रखते हैं, उसे देखते हुए लगता है कि वह टेस्ट क्रिकेट में भी 50 गेंद में 100 रन बना सकता हैं। उनके पास जिस तरह के शॉट हैं, वे शानदार हैं।’
.jpg)
उन्होंने परोक्ष रूप से सुझाव दिया कि राहुल जोड़ीदार के रूप में रोहित के लिए बेहतर साबित होंगे। गंभीर ने कहा, ‘धवन की बल्लेबाजी कुंद पड़ गई है, लेकिन यह अच्छा है कि उन्होंने कुछ रन बनाए। जब वह अगले मैच में बल्लेबाजी के लिए उतरेंगे तो इससे मदद मिलेगी। अगर वह आउट हो जाते तो दबाव काफी अधिक होता।’