झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए पांच चरणों में मतदान की प्रक्रिया हो चुकी पूरी…

Jharkhand Election Result 2019 झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए पांच चरणों में मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 23 दिसंबर को मतगणना और नतीजे जारी होने के साथ ही चुनाव संपन्‍न हो जाएगा। मतों की गिनती के लिए जहां शासन-प्रशासन के स्‍तर पर तमामा तैयारियां की जा रही हैं, वहीं स्‍ट्रांग रूम में चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच राजनीतिक दलों के प्रत्‍याशी भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। मतगणना सोमवार को सुबह आठ बजे से शुरू होगी, दिन में करीब 11 बजे से ट्रेंड मिलने शुरू हो जाएंगे। दोपहर बाद 2 बजे तक रिजल्‍ट आने की उम्‍मीद है। ऐसे में सियासी दलों की ओर से मतगणना केंद्र के समीप तंबू-टेंट लगाकर स्‍ट्रांग रूम की पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

इधर शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्‍यक्ष और महागठबंधन के नेता हेमंत सोरेन ने दुमका में स्‍ट्रांग रूम जाकर स्थिति का जायजा लिया। यहां उन्‍होंने झामुमो कार्यकर्ताओं से यहां की गतिविधियों की जानकारी ली। उधर एग्जिट पोल के आंकड़ों से उत्‍साहित झारखंड मुक्ति मोर्चा ने इस चुनाव में 50 सीटें जीतने का दावा किया है। पार्टी के प्रवक्‍ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा है कि झारखंड में इस बार झामुमो, कांग्रेस और राजद की सरकार बननी तय है। इस बीच भाजपा के राज्‍यसभा सदस्‍य महेश पोद्दार ने कहा है कि एग्जिट पोल के आंकड़ों पर मत जाइए, लोकसभा चुनाव में भी एग्जिट पोल के आंकड़े सच्‍चाई से कितनी दूर थे, इसे याद रखिए।

मतगणना के लिए सुबह छह बजे से उम्‍मीदवारों और प्रतिनिधियों की इंट्री

23 दिसंबर को झारखंड के 81 विधानसभा सीटों पर एक साथ मतगणना शुरू होगी। मतगणना केंद्रों पर सुबह आठ बजे  से वोटों की गिनती की जानी है। यहां सुबह छह बजे से ही उम्‍मीदवारों और प्रतिनिधियों की इंट्री का समय निर्धारित किया गया है। निर्वाची पदाधिकारी की अगुआई में राउंड दर राउंड उम्‍मीदवारों द्वारा प्राप्‍त मतों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। मतगणना 20 से लेकर 24 राउंड तक चलेगी। इसके लिए एक टेबुल पर तीन कर्मियों को लगाया गया है। सभी 81 सीटों के निर्वाची पदाधिकारी दोपहर दो बजे के बाद विजयी उम्‍मीदवारों की घोषणा कर उन्‍हें प्रमाण पत्र सौंपेंगे।

यह खबर लगातार अपडेट हो रही है। ताजा जानकारी के लिए बने रहें हमारे साथ…