मोदी-शाह के संबोधन में BJP ने 17 मई को बुलाई सभी राष्ट्रीय मोर्चों की बैठक

कर्नाटक चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी अभी से ही 2019 लोकसभा चुनावों की तैयारी कर रही है. बीजेपी ने आने वाली 17 मई को अपने सभी राष्ट्रीय मोर्चों की बैठक बुलाई है. राष्ट्रीय मोर्चों की कार्यसमिति की बैठक दिल्ली के सिविक सेंटर में होगी. इस बैठक को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह भी संबोधन करेंगे. शुक्रवार को पार्टी की ओर से इस बात की जानकारी दी गई.

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय में मोदी सरकार को कई क्षेत्रों के लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा था. इनमें दलित, मुस्लिम, मजदूर, किसान, एस/एसटी तबके के लोग शामिल रहे. इनके अलावा भी व्यापारी, ज्वैलर्स तबके के संगठनों की नाराज़गी सामने आई है. ऐसे में बीजेपी अभी से ही सभी को साधने की कोशिश कर रही है.

बीजेपी की इस बैठक में पार्टी के किसान मोर्चा, एससी/एसटी मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, महिला मोर्चा समेत सभी मोर्चे शामिल होंगे. गौर हो कि अभी पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता कर्नाटक चुनाव में व्यस्त हैं, वहीं कर्नाटक के नतीजे भी 15 मई को आ जाएंगे. इसके बाद ही 17 मई को ये बैठक होगी. इसके अलावा 16 मई को केंद्र की मोदी सरकार भी अपने चार साल पूरे कर रही है. 

कर्नाटक में सभी मोर्चों से संवाद कर रहे हैं पीएम

आपको बता दें कि कर्नाटक चुनाव में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अलग-अलग मोर्चों से सीधे संवाद कर रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते दिनों नमो ऐप के जरिए किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं और शुक्रवार को ही महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया. महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने सभी को केंद्र की योजनाओं का प्रचार करने को कहा था.