
जनरल बोगियों में भी अब आपको आरक्षित सीट उपलब्ध होगी। रेलवे ने इसके लिए नया मोबाइल अप्लीकेशन पूरब (पीयूआरबी) यानी ‘पास फॉर अनरिजर्वड बोर्डिंगÓ लॉन्च किया है। इस एप से यात्री जनरल टिकट से सीट रिजर्व कर सकते हैैं। मुंबई में इस कवायद की शुरुआत भी कर दी गई है और जल्द ही देश के अन्य हिस्सों में इसे लागू किया जाएगा।
रेलवे ने मोबाइल एप लॉन्च किया
रेल मंत्रालय की कोशिश है कि रेलवे में तकनीक का अधिक से अधिक प्रयोग हो। इसी कवायद के चलते रेलवे ने पूरब को लॉन्च किया है। यह एक ऐसा मोबाइल अप्लीकेशन और वेब पोर्टल है, जिसके माध्यम से यात्री साधारण टिकट खरीदकर ट्रेन की जनरल बोगी में अपनी सीट रिजर्व करवा सकते हैं। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अजीत कुमार सिंह का कहना है कि रेलवे ने जनरल बोगी की सीटों को रिजर्व करने की कवायद शुरू की है। इसके लिए मोबाइल अप्लीकेशन लॉन्च किया गया है। मुंबई में यह प्रयोग के तौर पर लिया गया है। अगर वहां सफलता मिली तो देश के अन्य हिस्सों में भी यह लागू होगा।
ऐसे होगी सीट रिजर्व
रेलवे स्टेशनों पर इस सुविधा को लागू करने के लिए पूरब काउंटर खोले जाएंगे। यात्रियों को साधारण टिकट खरीदकर ‘पूरब’ काउंटर पर जाना होगा। यहां रेलवे कर्मचारी संबंधित यात्री की फोटो खींचकर, ट्रेन के नंबर के साथ सीट रिजर्व कर देंगे। इसकी जानकारी यात्री को उसके वाट्सएप नंबर पर मिलेगी। यात्री जब अपनी बोगी पर जाएगा तो टीटीई और आरपीएफ के जवान उक्त यात्री को उसकी सीट पर बैठाने में मदद करेंगे। जिन यात्रियों के पास मोबाइल सुविधा नहीं होगी वे काउंटर से प्रिंटआउट लेकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
पहले आओ, पहले पाओ
रेलवे ने इस सुविधा का लाभ पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर देने का फैसला किया है। सीटें खत्म होने के बाद कोई आवंटन नहीं किया जाएगा। जनरल बोगी में आम यात्रियों के चलने के पुराने नियम में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। वे इस बोगी में भी यात्रा कर सकते हैं।