लालू प्रसाद यादव सेे महुआ माजी ने रिम्‍स में की मुलाकात, महागठबंधन की सरकार बनना तय

 Lalu Prasad Yadav रांची के रिम्‍स में आज फिर सियासी दरबार सजा है। अपनी गंभीर बीमारियों का इलाज करा रहे चारा घोटाला के चार मामलों के सजायाफ्ता राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा की नेता महुआ माजी ने मुलाकात की। इस क्रम में पेइंग वार्ड में शनिवार को लालू से मिलकर महुआ मांजी ने झारखंड विधानसभा चुनाव के बाबत महागठबंधन की स्थिति की जानकारी दी। लालू से मुलाकात के बाद महुआ माजी ने कहा कि लालू प्रसाद को धन्यवाद देने आई थी।

उनका आशीर्वाद लेने आई थी। राजद गठबंधन में है। उसने चुनाव में बड़ी भूमिका निभाई, सहयोग किया। इसके लिए उसे दिल से आभार। बस इस बार आशीर्वाद चाहती हूं कि इस बार जनता की सेवा का मौका मिले। जनता ने क्या जनादेश दिया है, यह तो 23 को ही पता चलेगा, लेकिन समाज सेवा का कार्य जारी रहेगा। उन्होंने चुनाव परिणाम पर कहा कि अब यह तय है कि महागठबंधन की ही सरकार बनेगी। लालू प्रसाद से मुलाकात पर उन्होंने कहा कि उनसे उनकी सेहत को लेकर बात हुई।

राजद अध्यक्ष होने के नाते विधानसभा चुनाव में उन्होंने जो मदद की, उसके लिए मैंने उनका आभार व्यक्त किया। वैसे उनकी तबियत तो ठीक नहीं लगी। एक्जिट पोल पर उन्होंने कहा कि इस पर ऐसी कोई बात नहीं हुई लेकिन लालू प्रसाद भी पूरी तरह आश्वस्त हैं कि महागठबंधन की सरकार ही बनेगी। बीटेक छात्रा के आरोपित को फांसी की सजा पर माजी ने कहा कि कानून बनने के बाद भी इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। लगातार इस तरह की घटना हो रही है।

अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। इस तरह की सजा मिलने से लोग डरेंगे। वर्तमान सरकार हवा-हवाई सरकार है। बेटी बचाओ का नारा लगाने से ही कुछ नहीं होता है। इसके लिए कुछ करना भी पड़ता है। जनता भी बदलाव चाह रही है। शासन को और चुस्त-दुरुस्त होना पड़ेगा। अपराधियों के मन में डर पैदा करना होगा।

शनिवार को लालू प्रसाद यादव से मुलाकातियों का दिन होता है। इस दिन जेल प्रबंधन के आदेश पर अधिकतम तीन लोग लालू से मिल सकते हैं। लालू प्रसाद से स्वीकृति के बाद दोपहर 1:15 बजे महुआ ने उनसे मुलाकात की। झारखंड राजद के प्रदेश अध्‍यक्ष अभय सिंह के भी मुलाकात करने की बात हो रही है।

बता दें कि पिछले शनिवार को उनसे राजद के महासचिव कमरे आलम ने कुशलक्षेम पूछा था। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री कांति सिंह ने लालू प्रसाद से मिलकर स्वास्थ्‍य पर चिंता जाहिर की थी। लालू प्रसाद के छोटे बेटे तेजस्‍वी यादव ने रविवार को पिता से मिलकर उनकी तबीयत का हाल जाना था। इधर चारा घोटाले के दुमका कोषागार मामले में लालू प्रसाद यादव की जमानत याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी है।

दूसरी तरफ सजा बढ़ाने की सीबीआइ की याचिका को सुनवाई के योग्‍य पाते हुए स्‍वीकार कर लिया है। सीबीआइ ने इस मामले में लालू प्रसाद यादव को मिली साढ़े तीन साल की सजा को बढ़ाने की मांग करते हुए उच्‍चस्‍तरीय साजिशकर्ता बताया है। केंद्रीय जांच एजेंसी इस मामले में लालू की सजा बढ़ाने को लेकर झारखंड हाई कोर्ट पहुंची है।