
नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर जस्टिन लेंगर अब अपनी टीम के लिए एक नई भमिका में दिखेंगे. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जस्टिन लेंगर को ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम का नया हेड कोच बनाया है. बतौर हेड कोच ऑस्ट्रेलियाई टीम में लेंगर डैरेन लेहमन की जगह लेंगे और 22 मई से अपना कार्यभार संभालेंगे. मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज रहे लेंगर अगले 4 सालों के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम के कोच होंगे.
इसका मतलब है कि इस दौरान उनके मिशन में ऑस्ट्रेलियाई टीम को 2 एशेज सीरीज के अलावा एक वनडे वर्ल्ड कप और एक T20 वर्ल्ड कप में जीत दिलाना शामिल होगा. जस्टिन लेंगर के कोच बनाए जाने पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के CEO जेम्स सदरलैंड ने कहा,” हमें ये बताते हुए खुशी हो रही है कि जस्टिन लेंगर ऑस्ट्रेलियाई टीम के नए हेड कोच होंगे. वो इस पद पर लेहमन की जगह लेंगे. हेड कोच के लिए लेंगर सबसे सही विकल्प हैं . वो ऑस्ट्रेलियाई टीम में अपने नए रोल को लेकर विश्वास से भरे हैं. एक क्रिकेटर के तौर पर उन्होंने इंटरनेशनल लेवल पर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए बहुत कुछ किया है उम्मीद है अब वही सफलता वो बतौर हेड कोच भी हासिल करते दिखेंगे.”
लेंगर के हेड कोच बनने का साइड इफेक्ट
जस्टिन लेंगर के हेड कोच बनाए जाने के क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फैसले को पूर्व कोच डैरेन लेहमन सहित दूसरे ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों ने भी सराहा है.
Great appt, congrats to Alfie @CricketAus will do a great job. #bestjobintheworld https://t.co/srfcGGQxes
— Darren Lehmann (@darren_lehmann) May 2, 2018
A fantastic appointment!
Very excited for my mate Alfie. The Australian Cricket Team is in great hands.#proud https://t.co/3OGtpXaTbw— Jason Gillespie 🌱 (@dizzy259) May 2, 2018
ऑस्ट्रेलिया के नए हेड कोच का प्रोफाइल
47 साल के लेंगर ऑस्ट्रेलिया के लिए 105 टेस्ट और 8 वनडे खेल चुके हैं. 1993 में टेस्ट डेब्यू करने वाले लेंगर ने 2007 में अपना आखिरी टेस्ट खेला. इस दौरान उन्होंने 23 शतकों के साथ ऑस्ट्रेलिया के लिए 45.27 की औसत से 7,696 रन बनाए हैं. अपने 20 साल के क्रिकेट करियर के दौरान लेंगर ने 360 फर्स्ट क्लास मैचों में 28000 से भी ज्यादा रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 50.23 का रहा है और उन्होंने 86 शतक जड़े हैं.
पहले भी 2 मौकों पर बने हेड कोच
हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के साथ बतौर हेड कोच जुड़ने का जस्टिन लेंगर के लिए ये कोई पहला मौका नहीं है. इससे पहले वो दो बार ऑस्ट्रेलियाई टीम के अंतरिम हेड कोच रह चुके हैं. 2016 में वो वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के वेस्टइंडीज दौरे पर टीम के अंतरिम हेड कोच बने थे जबकि साल 2017 में T20 सीरीज के लिए श्रीलंका के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वो कंगारू टीम के हेड कोच दूसरी बार बने थे. इसके अलावा लेंगर नवंबर 2012 से वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया और पर्थ स्क्रॉचर्स के हेड कोच हैं.
नई चुनौती पर लेंगर की सोच
लेकिन, अब जस्टिन लेंगर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के फुल फ्लेज हेड कोच बन चुके हैं. अपने इस नए रोल को लेकर लेंगर बेहद एक्साइटेड हैं. उन्होंने कहा, ” मैं इस नई चुनौती से खुश हूं. मैं लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करुंगा. उम्मीद है कि जिस तरह से मुझे ऑस्ट्रेलिया के लोगों का प्यार बतौर क्रिकेटर मिला है अब वैसा ही स्नेह वो मुझे टीम के हेड कोच के तौर पर भी देंगे.”