Rahul Gandhi Rally in Jharkhand कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर जमकर मारे ताने

Rahul Gandhi Rally in Jharkhand कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर जमकर ताने मारे। झारखंड में एक चुनावी सभा काे संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस प्यार बांटती है। जबकि भाजपा हिंसा को बढ़ावा देती है। सभा में मौजूद लोगों से जुड़ते हुए उन्‍होंने झारखंड में महागठबंधन की सरकार बनाने का आह्वान किया। मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा कि देश में अंबानी-अडाणी की सरकार चल रही है। हम सत्‍ता में आए तो किसानों का कर्ज माफ करेंगे। आदिवासी हितों की रक्षा करेंगे। उद्योगपतियों से जमीन छीनकर आदिवासियों को देंगे।

भाजपा को घेरते हुए राहुल ने कहा कि बीजेपी की सरकारें जमीन की लुटेरी हैं। यह आदिवासियों का जमीन पूंजीपतियों के लिए जबरन लूट लेती हैं। पांच चरणों में होने वाले झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के स्टार प्रचारक राहुल गांधी ने सोमवार को सिमडेगा में एक जनसभा को संबोधित किया। राहुल गांधी ने अनिल अंबानी, मेहुल चौकसी और विजय माल्‍या का जिक्र करते हुए कहा कि माेदी जी सिर्फ 15-20 पूंजीपतियों के लिए सरकार चलाते हैं। गरीबों का पैसा छीनकर इन चोरों के पॉकेट में डाल देते हैं।

सत्‍ता में आए तो माफ करेंगे किसानों का कर्ज

इससे पूर्व राहुल गांधी के हेलीकॉप्‍टर को देखकर उपस्थित जनसमूह झूम उठा। उन्‍होंने पहले झारखंड कांग्रेस के बड़े नेताओं आरपीएन सिंह, सुबोधकांत सहाय आदि नेताओं का नाम लिया। अपने भाषण की शुरुअात में उन्‍होंने बिरसा मुंडा, जयपाल सिंह मुंडा को याद किया और कहा कि उन्‍होंने रास्‍ता दिखाने का काम किया है। झारखंड में धन की कोई कमी नहीं है। उन्‍होंने जल-जंगल-खनिज आदि गिनाए और कहा कि यह चीजें छतीसगढ़ में भी हैं। एक साल के अंदर कांग्रेस ने छतीसगढ़ का चेहरा बदल दिया।

राहुल ने कहा कि कांग्रेस की सरकार से पहले छतीसगढ़ में आदिवासियों की जमीनें छीन ली जाती थी। लेकिन कांग्रेस की सरकार छतीसगढ़ में आने के बाद हमने एक कानून लाकर किसानों, गरीबों और आदिवासियों की जमीनों की रक्षा की। छतीसगढ़ में भाजपा सरकार ने आदिवासियों की जमीनें छीनकर उद्योगपतियों को दी। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार झारखंड में आपकी जमीनों की रक्षा करेगी। बेरोजगारी के लिए कांग्रेस काम करना चा‍हती है। किसानों का कर्ज माफ करेगी। नोटबंदी के दौरान किसान, माताओं व बहनों को बैंक के सामने खड़ा रहना पड़ा।

केंद्र सरकार ने 15 पूंजीपतियों का कर्जा माफ़ किया, किसानों का नहीं। जीएसटी लाया गया, पर यह गब्बर सिंह टैक्स से किसी को फायदा नहीं हुआ। झारखंड में किसानों व गरीबों की सरकार बनेगी। मैं अापको गारंटी करके देता हूं कि आपकी यहां रक्षा होगी। जहां भी भाजपा की सरकार बनती है, वहां लोगों काे दबाया जाता है, कुचला जाता है। भाजपा सरकार धर्म, विचारधारा, संस्कृति के नाम पर लोगों को कुचलने का काम कर रही है।

सीएनटी एसपीटी एक्ट में कोई बदलाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। झारखंड में जल, जंगल, जमीन, धन की रक्षा के लिए कानून बनाएंगे। आपका धन एक बार फिर आपके हवाले करेंगे। लोकसभा चुनाव के दौरान हमने न्याय योजना की बात की थी। इससे एक भी गरीब आदमी नहीं बचता। हम लोकसभा चुनाव हार गए और न्‍याय योजना ला नहीं पाए। इससे युवाओं को रोजगार मिलता। आज लोगों के पास पैसा नहीं है। लोगों ने माल खरीदना बंद कर दिया। कारखाने बंद हो गए।

पूरे देश में बेराेजगारी बढ़ गई। गरीबी दूर करना है तो उनकी जेब में पैसा डालना होगा। नरेंद्र मोदी इस बात को नहीं समझते। उन्‍होंने नोटबंदी, जीएसटी लागू कर विजय माल्‍या, नीरव मोदी जैसे लोगों की जेब में पैसा डाला। ये मोदी की सरकार नहीं, ये अंबानी-अडाणी की सरकार है। सरकार का लक्ष्य लोगों के जेब से पैसे निकालना है। पहले 35 किलो अनाज मिलता था। आज 5 किलो मिल रहा है। मनरेगा का पैसा बंद कर चुनिंदा लोगों को दिए गए।

अगर आप जल-जंगल-जमीन की रक्षा करना चाहते हो तब झारखंड में महागठबंधन की सरकार बनाना ही होगा। देश विभिन्न विचारधारा वाले लोगों का देश है। हम हिंसा नहीं प्यार से काम करते हैं। देश में अलग धर्म है, अलग जाति है लेकिन कांग्रेस सबको साथ लेकर चलती है। छतीसगढ़ की सरकार आपके सामने एक उदाहरण है। कांग्रेस की सरकार ने जाे काम छतीसगढ़ में किया वही काम कांग्रेस की महागठबंधन की सरकार झारखंड में करेगी। इस दौरान सोनिया-राहुल के साथ-साथ शिबू सोरेन व हेमंत, तेजस्वी के भी नारे लगे। झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने सामान्‍य परिवार के प्रत्‍याशी को मौका दिया है। उन्‍हें भारी मतों से जिताएं। यहां छोटी-छोटी पार्टियां आपका ध्‍यान भटकाने के लिए लड़ रही हैं। इसलिए हमारे महागठबंधन के प्रत्‍याशी को विजयी बनाएं। परिवर्तन की लहर पूरे झारखंड में चल रही है।

इस बीच राहुल गांधी ने ट्विटर पर अपने संदेश में लिखा- मैं आज झारखंड के सिमडेगा में एक चुनावी जनसभा को दोपहर बाद संबोधित करूंगा। झारखंड के लोग भाजपा सरकार से नाराज और निराश हैं, यहां बदलाव की हवा महसूस की जा रही है। राहुल गांधी के आने से कांग्रेसियों में उत्‍साह की लहर है।

 

राहुल गांधी के साथ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव भी सिमडेगा जाएंगे और वहां पर दोपहर 2 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। समझा जाता है कि राहुल कांग्रेस के साथ-साथ गठबंधन दलों के लिए भी वोट मांगेंगे। उनके कार्यक्रम में हेमंत सोरेन को भी बुलाया गया था लेकिन हेमंत सोमवार को नामांकन कर रहे हैं, इसलिए नहीं आ पाएंगे। सिमडेगा से लौटकर राहुल गांधी सीधे दिल्ली लौट जाएंगे।

 

सिमडेगा में कांग्रेस के पूर्व राष्‍ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की सभा के लिए मंच तैयार हो गया है। सुरक्षा को लेकर पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। सोमवार को सिमडेगा के एसपी संजीव कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सभा में राहुल गांधी को सुनने के लिए लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। राहुल गांधी सिमडेगा में करीब 2 बजे पहुंचेंगे। मंच पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, चमरा लिंडा आदि लोग मौजूद हैं।

 

सिमडेगा रैली के साथ ही दूसरे फेज के लिए जुट जाएगी कांग्रेस की कोर टीम

पहले चरण का चुनाव समाप्त होने के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष समेत कई सीनियर नेता फ्री हो गए हैं और सभी दूसरे चरण की सीटों पर प्रचार अभियान की शुरुआत सोमवार से ही करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव राहुल गांधी के साथ ही सिमडेगा पहुंचेंगे, जबकि अन्य नेता अलग-अलग रास्तों से। कुछ सीनियर नेता वहां पहुंच भी चुके हैं और रैली की तैयारियों को अंतिम रूप देते रहे। यहीं से सभी दूसरे चरण के अभियान में जुट जाएंगे, जहां पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और सांसद गीता कोड़ा को भी अहम जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह स्वयं पूरी चुनावी रणनीति पर निगरानी रख रहे हैं और आगे के तमाम कार्यक्रम भी वही तय करेंगे।

 

सिमडेगा में राहुल गांधी के कार्यक्रम स्‍थल पर पदाधिकारियों को निर्देश देते सिमडेगा के एसपी संजीव कुमार।

यह खबर लगातार अपडेट हो रही है। ताजा जानकारी के लिए बने रहें हमारे साथ…