
सरकंडा के लोधीपारा स्थित लक्ष्मी निवास कॉलोनी में शनिवार की रात खेलते-खेलते बालक अचानक गायब हो गया। इसकी भनक लगते ही कॉलोनी में हड़कंप मच गया। घबराए परिजन ने अपहरण की आशंका से इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं पुलिस भी बच्चे की तलाश में जुट गई है। लोधीपारा स्थित लक्ष्मी निवास कॉलोनी निवासी लीना बिस्वास पति असीम बिस्वास (38) ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल में शिक्षिका हैं। उनका बेटा आयुष्मान बिस्वास (10) ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल में पांचवीं कक्षा का छात्र है।

इन दिनों अवकाश चल रहा है। लिहाजा, बच्चे मोहल्ले व आसपास घूम-घूमकर खेलने के साथ ही मस्ती कर रहे थे। शनिवार की रात करीब आठ बजे आयुष्मान भी कॉलोनी में घूम रहा था। इस बीच करीब 8.30 बजे तक उसे कॉलोनी में देख गया था। रात करीब नौ बजे आयुष्मान की मां लीना उसे बुलाने के लिए निकली, तब वह कॉलोनी में नहीं था।
इस पर उन्होंने कॉलोनी में रहने वाले उसके दोस्तों से पूछताछ की, तब पता चला कि वह कॉलोनी में ही घूम-घूमकर खेल रहा था। फिर बाद में अचानक वह कहां व कैसे गायब हो गया, इसकी किसी को भनक तक नहीं है। बच्चे के गायब होने से परेशान होकर उसकी मां ने आसपास पतासाजी। लेकिन, उसका कुछ पता नहीं चला। इससे घबराकर उसकी मां ने पुलिस को सूचना दी। अपहरण की आशंका से पुलिस भी सकते में आ गई। टीम बच्चे की तलाश में जुट गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे
इस घटना के बाद कॉलोनी में हड़कंप मच गया है। खबर मिलते ही पुलिस रेलवे स्टेशन व सार्वजनिक जगहों पर बच्चों की तलाश कर रही है। वहीं जीआरपी समेत आसपास के थानों में भी इसकी सूचना दे दी गई है। इसके साथ ही पुलिस कॉलोनी व आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं।