
पाकिस्तानी सेना ने जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के नजदीक अग्रिम चौकियों और गांवों पर बुधवार को गोलाबारी की. एक रक्षा प्रवक्ता ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी गोलाबारी में किसी के हताहत होने के बारे में तत्काल कोई सूचना नहीं है.

रक्षा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘पाकिस्तान ने सुंदरबनी क्षेत्र में एलओसी के पास अपराह्र लगभग तीन बजकर 15 मिनट पर बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी कर और मोर्टार दागकर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया. भारतीय सेना इसका मुंहतोड़ जवाब दे रही है.’’
इससे पहले पाकिस्तान ने कल शाम सात बजे से रात 8.30 बजे तक फायरिंग की. फायरिंग में मरने वाले शख्स का नाम वली मोहम्मद खान बताया जा रहा है, जो कुपवाड़ा का ही रहने वाला था. बता दें कि पिछले दो-तीन महीने से पाकिस्तान लगातार सीजफायर का उल्लंघन करके भारत को उकसाने का काम कर रहा है. इस साल अब तक पाकिस्तान की तरफ से करीब 700 बार युद्धविराम का उल्लंघन हो चुका है.