
श्रीलंका की एक कमजोर टीम आइसीसी की टी20 रैंकिंग में नंबर वन टीम को पाकिस्तान में जाकर टी20 सीरीज में 3-0 से रौंदकर आई थी। पाकिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में मिली इस जीत के बाद श्रीलंकाई टीम के हौसले बुलंद थे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रीलंकाई टीम धराशायी हो गई।

श्रीलंकाई टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलने पहुंची है, जहां लसिथ मलिंगा की कप्तानी वाली टीम की पोल खुल गई है। टी20 सीरीज का पहला मैच 134 रन, प्रैक्टिस मैच 1 विकेट से हारने के बाद मेहमान टीम दूसरे मैच में भी 117 रन पर ढेर हो गई। इसी के साथ श्रीलंकाई टीम के नाम एक शर्मनाक वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हो गया जो इस सीरीज से पहले तक बांग्लादेश के नाम दर्ज था।
दरअसल, श्रीलंकाई टीम टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा बार ऑल आउट होने वाली टीम बन गई है। श्रीलंकाई टीम ने इस शर्मनाक वर्ल्ड रिकॉर्ड को अब अपने नाम जोड़ लिया है। इस सीरीज से पहले बांग्लादेश की टीम 23 बार टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में ऑल आउट हुई थी, जबकि श्रीलंका की टीम अब तक 24 बार टी20 क्रिकेट में ढेर हो चुकी है, जिसमें दो मैच लगातार हैं।