
यदि आप भी एयरसेल के ग्राहक हैं तो आपके लिए बड़ी खबर है, क्योंकि 31 अक्टूबर के बाद आपका मोबाइल नंबर काम नहीं करेगा। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) ने एयरसेल और डिशनेट कंपनियों के ग्राहकों को आखिरी चेतावनी देते हुए कहा है कि 31 अक्टूबर से पहले अपने नंबर किसी दूसरी कंपनी में पोर्ट करा लें, क्योंकि 31 अक्टूबर से बाद उनकी सेवाएं बंद हो जाएंगी। बता दें कि एयरसेल और डिशनेट दोनों कंपनियां बंद हो चुकी हैं।

ट्राई की रिपोर्ट के मुताबिक साल 2018 में जब एयरसेल ने अपनी सेवा बंद की थी तो उस समय देशभर में एयरसेल के ग्राहकों की संख्या 9 करोड़ थी। वहीं, 31 अगस्त 2019 तक सिर्फ 1.9 करोड़ ग्राहकों ने ही अपना नंबर पोर्ट कराया है। ऐसे में करीब 7 करोड़ ग्राहकों के नंबर बंद हो सकते हैं। ट्राई ने साफ शब्दों में कहा है कि यदि एयरसेल के मौजूदा ग्राहकों अपना नंबर पोर्ट नहीं कराते हैं तो उनका नंबर बंद कर दिया जाएगा।
एयरसेल और डिशनेट वायरलेस के ग्राहक आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, असम, बिहार, दिल्ली, जम्मू कश्मीर, मुंबई, नॉर्थ ईस्ट, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश (ईस्ट) और पश्चिम बंगाल सर्किलों में मौजूद हैं। यदि इन सर्किल के ग्राहक 31 अक्टूबर तक अपना नंबर पोर्ट नहीं कराते हैं तो उनका नंबर बंद कर दिया जाएगा।