अयोध्या में 300 और पुलिसकर्मियों को तैनात किया जा रहा

 जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद अयोध्या में आतंकी खतरा भी बढ़ गया है। सुप्रीम कोर्ट में अयोध्या प्रकरण की लगातार चल रही सुनवाई के दृष्टिगत भी अब वहां अतिरिक्त सुरक्षा बरती जा रही है।

अयोध्या की सुरक्षा-व्यवस्था में अब तक थोड़ी ढील जरूर थी, लेकिन आंतकी खतरे के ताजा इनपुट के बाद सुरक्षा-व्यवस्था को हर स्तर पर चाक-चौबंद किया जा रहा है। अयोध्या में 300 और पुलिसकर्मियों को तैनात किया जा रहा है। डीजीपी मुख्यालय ने बरेली, कानपुर व प्रयागराज जोन से 100-100 पुलिसकर्मियों को अयोध्या भेजे जाने का निर्देश दिया है।

दरअसल, अयोध्या में तैनात पुलिसकर्मियों की संख्या में कमी भी चल रही थी। सुरक्षा को लेकर हुई बैठक में इस बिंदु पर सवाल उठने के बाद डीजीपी मुख्यालय पूरी सतर्कता बरत रहा है। अयोध्या में तीन जोन से तीन सौ पुलिसकर्मियों को भेजे जाने के निर्देश दिये गए हैं। किसी एक जोन में पुलिसकर्मियों की कमी न हो, इसके दृष्टिगत अलग-अलग जोन से फोर्स की मांग की गई है।