भारत-वेस्टइंडीज दूसरे वनडे में कैसा रहेगा मौसम, जानिए बारिश होगी या नहीं

भारत (Team India) इस वक्त वेस्टइंडीज (West Indies) में तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रहा है। हालांकि इस सीरीज का पहला मुकाबला बारिश में धुल गया था। गयाना में खेले गए पहले वनडे मैच में बारिश ने क्रिकेट फैंस का जायका खराब कर दिया था। इस मैच में बारिश की आंख-मिचौली की वजह से आखिरकार इसके रद करना पड़ा था। गयाना में मैच शुरू होने से पहले ही बारिश हो रही थी जिसकी वजह से मैच अपने तय वक्त से दो घंटे की देरी से शुरू हो पाया था।

इसके बाद मैच शुरू भी हुआ और इसे कम ओवरों का कर दिया गया। इसके बाद 5.3 ओवर के बाद फिर से बारिश शुरू हो गई। फिर बारिश रुकी और एक बार फिर से मैच के ओवरों को और कम (34-34 ओवर) कर दिया गया। इस बार मैच 13 ओवर तक खेला गया पर ऐसी बारिश आई कि मैच दोबारा शुरू नहीं किया जा सका। इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 13 ओवर में एक विकेट पर 54 रन बनाए थे। इस मैच के इस तरह से रद होने पर टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की थी।

अब भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा वनडे मैच पोर्ट ऑफ स्पेन में रविवार को खेला जाएगा। इसे लेकर जो मौसम विभाग की जानकारी आई है वो क्रिकेट फैंस को राहत पहुंचाने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक त्रिनिडाड स्थित पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल में होने वाले दूसरे वनडे में बारिश के आसार नहीं है। इस मुकाबले के दौरान आसमान साफ रहने का अनुमान है और बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। मौसम संबंधी वेबसाइट एक्यूवेदर के मुताबिक रविवार मैच वाले दिन सुबह बादल छाए रहेंगे, लेकिन सुबह बारिश के आसार 20 फीसदी ही हैं, जबकि दोपहर बाद इसकी आशंका महज 7 प्रतिशत ही है। ऐसे में उम्मीद है कि ये मैच पूरा खेला जाएगा और क्रिकेट फैंस इस मुकाबले का आनंद ले सकते हैं। आपको बता दें कि तीसरा वनडे मैच भी इसी मैदान पर खेला जाएगा और इसके बाद टीम इंडिया को कैरेबियाई टीम के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है।