संदिग्ध हालात में युवक की मौत

शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत धर्मशाला रोड स्थित ससुराल गए युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मंगलवार शाम शव लेकर उसके परिजन शहर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने ससुरालियों पर जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सिविल लाइन्स निवासी अजय कुमार (23) पुत्र महावीर अस्पताल मार्ग पर पान की दुकान चलाता था। डेढ़ वर्ष पहले अजय ने शहर के धर्मशाला रोड निवासी राजू की पुत्री रचना से कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद कुछ दिन ससुराल में रहकर रचना मायके चली गई थी। अजय के परिजनों की मानें तो सोमवार को रचना ने फोन कर अजय को बुलाया था। वहीं अजय की तबीयत बिगड़ गई। अजय की पत्नी रचना और साले अमित ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

यहां चिकित्सकों ने जहर खाने के चलते हालत बिगड़ने और लखनऊ ले जाने की सलाह दी। इस पर रचना भाई अमित के साथ पति को लेकर लखनऊ चली गई। सोमवार देर रात अजय ने लखनऊ में दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि मंगलवार सुबह शव ससुराल पहुंचने पर घटना का पता चला। यहां दोनों पक्षों के बीच शव ले जाने को लेकर विवाद हुआ। परिजन शव लेकर शहर कोतवाली पहुंचे। यहां अजय की पत्नी, साले, ससुर व सास के विरुद्ध जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया। कोतवाली में अतिरिक्त निरीक्षक श्वेता ने लिखित तहरीर देने को कहा। उसके बाद परिजन शव लेकर चले गए।