
कनाडा में इस समय ग्लोबल टी20 लीग खेली जा रही है। इस टूर्नामेंट में तमाम पूर्व खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्हीं में से एक पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी भी हैं। शाहिद अफरीदी ने अपने पहले ही मैच में तूफानी पारी खेलकर विपक्षी टीम को चारों खाने चित कर दिया है। 
ब्रैम्पटन वॉल्व्स (Brampton Wolves) के लिए ये टी20 लीग खेल रहे शाहिद अफरीदी ने महज 40 गेंदों में 200 से ज्यादा के स्ट्राइकरेट से नाबाद 81 रन बनाए। शाहिद अफरीदी ने इस पारी में 10 चौके और 5 छक्के लगाए। इतना ही नहीं, शाहिद अफरीदी ने गेंदबाजी में भी हाथ आजमाया और 1 विकेट झटका। इसी प्रदर्शन के दम पर ब्रैम्पटन वॉल्व्स ने एडमॉंन्टन रॉयल्स (Edmonton Royals) को 27 रन से हरा दिया।
ग्लोबल टी20 कनाडा 2019 का शाहिद अफरीदी के लिए ये दूसरा मैच था। हालांकि, ब्रैम्पटन वॉल्व्स ने पहले मैच में दस विकेट से जीत हासिल की थी और ऐसे में शाहिद अफरीदी ने बल्लेबाजी नहीं की, लेकिन जब उन्हें मौका मिला तो उन्होंने तूफानी पारी खेलकर सभी को फिर से अपना मुरीद बना लिया।
पिछले साल मई में लॉर्ड्स के मैदान पर वर्ल्ड इलेवन के लिए खेलते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैच से उन्होंने संन्यास लिया था। इसके बाद वे कई टी20 लीग्स में नज़र आ चुके हैं। फिलहाल, शाहिद अफरीदी के इस प्रदर्शन को लेकर ट्विटर यूजर्स ने कहा है कि उन्हें अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान टीम में दोबारा शामिल होने के बारे में सोचना चाहिए।