मुंबई डांस ग्रुप ने ‘अमेरिकाज गॉट टैलेंट’ में जीता गोल्डन बजर, रणवीर के साथ करना चाहते हैं काम

रियलिटी शो ‘अमेरिकाज गॉट टैलेंट’ में मुंबई के डांस ग्रुप ‘वी अनबिटेबल’ ने प्रशंसकों व ज्यूरी का दिल जीतते हुए गोल्डन बजर हासिल कर लिया है. गोल्डन बजर हासिल करने का मतलब है कि यह ग्रुप अब सीधा लाइव शो के लिए आगे बढ़ गया है. इस ग्रुप में 12 से लेकर 27 वर्ष तक के कुल 29 लोग शामिल हैं. ग्रुप की सफलता का राज पूछा गया तो इसके सदस्यों ने बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह का नाम लिया. उन्होंने रणवीर के साथ काम करने की इच्छा भी जताई.

ग्रुप के हेड डांसर ओम प्रकाश चौहान ने बताया कि जब भी हम रणवीर सिंह के गानों पर अभियन करते हैं तो हमारा प्रदर्शन हिट होता है, इसलिए हमने इसे अमेरिकाज गॉट टैलेंट में भी जारी रखा. चौहान ने कहा कि रणवीर के पास बहुत ऊर्जा व शक्ति है. वह ‘हट-के’ कलाकार हैं, जिनके पास कोई अहंकार नहीं है. हम जल्द ही उनके साथ काम करना चाहते हैं.

बता दें कि अब अपने लाइव शो के लिए हॉलीवुड जाने के लिए तैयार है, जो अगस्त में आयोजित होने की उम्मीद है. डांस ग्रुप ने ऑडिशन राउंड में फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ के गीत ‘मल्हारी’ की प्रस्तुति दी जिसके बाद जज गेब्रियल यूनियन, होवी मैंडेल, जूलियन होफ और साइमन कोवेल प्रशंसास्वरूप खड़े हो गए.