सावन का पहला सोमवार आज, घर बैठे कीजिए बाबा महाकाल की आरती के दर्शन

आज सावन का पहला सोमवार है. इस मौके पर देशभर के शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटी हुई है. 12 ज्योर्तिलिंगों में से एक उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भी भक्तों का सैलाब उमड़ा हुआ है. सुबह की भस्म आरती के बाद बाबा महाकाल की सुबह की आरती हुई. वहां मौजूद शिव भक्तों ने तो इसका आनंद लिया. देश-दुनिया में रह रहे लोग इस वीडियो में इस पावन आरती का आनंद लें.

सोमवार तड़के सुबह तीन बजे भगवान महाकालेश्वर का दूध-दही से अभिषेक किया गया, जिसके बाद विधि-विधान से पंडे-पूजारियों ने महाकाल की भस्म आरती की. खास बात है कि आज डेढ़ घंटे पहले ही महाकाल की आरती की गई. ऐसी मान्यता है कि जिस किसी के ऊपर बाबा महाकाल का हाथ होता है उसका कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता है.

सावन महीने में प्रतिदिन यहां करीब एक लाख भक्त आकर ज्योतिर्लिग पर जलाभिषेक करते हैं. इनकी संख्या सोमवार के दिन और बढ़ जाती है.

शिवभक्त सुल्तानगंज से उत्तर वाहिनी गंगा से जलभर कर 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर यहां पहुंचते हैं और भगवान का जलाभिषक करते हैं.