मैदान से ऊपर से नहीं उड़ेगा कोई प्लेन, इंग्लैंड बोर्ड ने दिया आश्वासन

मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड के आसमान में बादल भले ही आएं और जाएं, लेकिन कोई भी प्लेन तो नहीं उड़ पाएगा। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने बीसीसीआइ को आश्वासन दिया है कि भारत के मैच के दौरान मैनचेस्टर का ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान नो फ्लाई जोन रहेगा। बता दें कि इससे पहले श्रीलंका के मैच के दौरान यह घटना हो चुकी है। इसके बाद बीसीसीआइ ने आइसीसी के सामने इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया था।

बता दें कि शनिवार को भारत और श्रीलंका के बीच हो रहे विश्व कप मैच के दौरान मैदान के ऊपर से एक संदिग्ध प्लेन दिन में पांच बार अलग-अलग भारत विरोधी बैनर लगाकर गुजरा। हर बार उसने मैदान के करीब चार-चार चक्कर लगाए। यह घटना भारत की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों के दौरान हुई। यह मैच पाकिस्तानियों से भरे शहर ब्रेडफोर्ड के बगल में बसे लीड्स के हेडग्ले क्रिकेट मैदान में खेला गया था।

इसके बाद बीसीसीआइ ने कड़ा रुख अख्तियार किया था। इस मामले में बीसीसीआइ के अधिकारी ने कहा था, ‘यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है। जो कुछ भी हुआ, उसके बारे में अपनी चिंता आइसीसी से जताई है। अगर इस तरह की घटना को सेमीफाइनल में दोहराई जाती है, तो यह वास्तव में दुर्भाग्यपूर्ण होगा। हमारे लिए खिलाड़ियों की सुरक्षा सबसे पहले है।

विश्व कप ऐसी लगातार घटनाओं से सुरक्षा पर सवाल खड़े हुए हैं। भारत के मैच से पहले अफगानिस्तान और पाकिस्तान के मैच के दौरान भी बलूचिस्तान को लेकर प्लेन स्टेडियम के ऊपर से गुजरे थे। तब भी आइसीसी ने आश्वासन दिया था कि फिर ऐसा नहीं होगा।