
दिल्ली से सटे गुरुग्राम में हनी ट्रैप के जाल में फंसाने वाली महिलाओं के एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। गिरोह में कई पुरुष भी शामिल हैं। आरोपित के रूप में सेक्टर पांच इलाके से तीन महिलाएं और दो पुरुष गिरफ्तार किए गए हैं। पूछताछ में चार मामलों की जानकारी सामने आ चुकी है। गिरोह में कई अन्य महिलाएं और पुरुष भी शामिल हैं।

27 अप्रैल को हनी ट्रैप का एक मामला सामने आया था। शिवाजी नगर निवासी एक बुजुर्ग के पास 16 अप्रैल को एक महिला ने फोन किया। उसकी बातों से बुजुर्ग को लगा कि उसे किसी प्रकार की सहायता चाहिए। महिला ने उन्हें सेक्टर-9 स्थित एक कमरे में बुला लिया। वहां पर पहले से एक अन्य युवती मौजूद थी। कुछ मिनट बाद युवती ने उन्हें पानी पिलाया। पानी में ही कुछ मिला दिया गया था, जिससे पीते ही वह बेहोश हो गए थे। जब उन्हें होश आया तो वहां पर दो अन्य लोग उपस्थित थे। सभी कहने लगे कि आपने युवती के साथ गलत काम किया है। यदि थाना-पुलिस से बचना है तो तीन लाख रुपये देने होंगे। डर के मारे बुजुर्ग घर आए और पैसे दे दिए।