
मई की तपती दोपहर में शूटिंग करने के लिए सिर्फ खंडाला गर्ल रानी मुखर्जी ही पसीना नहीं बहा रही हैं, बल्कि ‘कारगिल गर्ल ‘जाह्नवी कपूर (Janhvi Kapoor) ने भी उत्तर भारत में चल रही भीषण गर्मी से दो दो हाथ करने की ठानी है। जाह्नवी अपनी फिल्म की शूटिंग के लिए लखनऊ पहुंच चुकी हैं और वहां वह फिल्म के कुछ खास सीन की शूटिंग शुरू भी कर चुकी हैं।

आमतौर पर गर्मियां शुरू होते ही विदेश की ठंडी जगहों पर चले जाने वाले हिंदी सिनेमा के तमाम सितारे इस बार देश में ही डटे हुए हैं। फिल्म रॉकेटरी बना रहे अभिनेता, निर्देशक आर माधवन विदेश का शेड्यूल निपटाकर इन दिनों मुंबई में फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन शुरू कर चुके हैं।
अभिनेता इरफान खान और राधिका मदान राजस्थान में अपनी फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ के लिए पसीना बहा रहे हैं। रानी मुखर्जी अपनी हिट फिल्म ‘मर्दानी’ की सीक्वेल ‘मर्दानी 2’ के लिए राजस्थान के रेतीले इलाकों से मुकाबला कर रही हैं।
इस बीच सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार फिल्म ‘धड़क’ से हिंदी सिनेमा में डेब्यू करने वाली जाह्नवी कपूर भी लखनऊ पहुंच चुकी हैं।वह लखनऊ में अपनी अगली फिल्म ‘कारगिल गर्ल’ की शूटिंग कर रही हैं जो कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय थल सेना को मदद पहुंचाने के लिए सुर्खियों में आईं वायुसेना की पायलट गुंजन सक्सेना के अनुभवों पर आधारित है।
लखनऊ में फिल्म के सेट पर मौजूद सूत्रों के मुताबिक रविवार से लखनऊ में कारगिल गर्ल की शूटिंग वहां के निराला नगर इलाके में शुरू हुई। यहां जाह्नवी ने एक शादी के सीन की शूटिंग की। इसके बाद फिल्म ‘कारगिल गर्ल’ की शूटिंग लखनऊ में पीएसी मुख्यालय और सरोजनी नगर स्थित सैनिक स्कूल में होनी है।